Monday, 13 March 2017

सोलानीपुरम में होली (2017)

हर वर्ष की तरह इस बार भी होली का उत्सव सोलानीपुरम में धूमधाम से मनाया गया। सोलानीपुरम वेलफेयर एसोसिएशन ने होलिका दहन का कार्यक्रम आयोजित किया जिसमें स्थानीय निवासियों ने अत्यन्त उत्साह से भाग लिया। पूजाअर्चना के बाद होलिका दहन किया गया और बाद में प्रसाद वितरण किया गया।

इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी लोगों का सहयोग रहा जैसे रमेश जोशी, योगेश गोयल, सुशील यादव, आशा यादव, वी के भार्गव इत्यादि। पूर्व पार्षद जे पी शर्मा भी उपस्थित थे।

अगले दिन रंग बिरंगी होली खेली गई जिसमें गुलाल का प्रयोग किया गया। बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था।




















Videos








Wednesday, 8 March 2017

सोलानीपुरम में चोरियों की बाढ़

आजकल सोलानीपुरम में एक बार फिर से चोरी की घटनाएं बढ़ती ही जा रही हैं। ऐसा लग रहा है जैसे चोरियों की बाढ़ आ गयी है। कुछ दिन पूर्व डबराल जी के यहाँ कुछ मवेशी चोरी हो गए। सीसीटीवी कैमरे थे पर तार निकाल दिए गए! इस घटना के कुछ दिन बाद मेरे मित्र राजेश सिंह के यहाँ सुबह पाँच बजे के लगभग चोरी हो गयी जिसमे उन्हें इन्वर्टर और बैटरी से हाथ धोना पड़ा। इसके बाद गोल कैम्पस में रोहित शर्मा के घर से दिनदहाड़े साइकल चुराने का प्रयास किया गया पर शुक्र है कि चोर को धर दबोचा गया। बाद में स्थानीय लोगों और पार्षद पति सुशील यादव ने इस चोर की जमकर धुलाई-कुटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। कई चोरियाँ तो रिपोर्ट ही नही होती होती हैं!
सोलानीपुरम में पकड़ा गया चोर 
मेरे मित्र राजेश सिंह ने बताया कि एक दिन उनके जानकार सुबह घूमने जा रहे थे तो उन्हें ट्रांसफार्मर के पास चार लोग खड़े मिले जिसमे एक के हाथ में डंडा था। जब पूछा गया कि आप लोग इतनी सुबह यहां क्या कर रहे हो तो उन लोगो ने यहाँ न लिख सकने वाली गालियों का प्रयोग किया।

आजकल सोलानीपुरम में फेरीवालों और कबाड़ीवालों का आना-जाना बढ़ गया है जिसका गहरा संबंध इन चोरियों से हो सकता है। ऐसा नही है कि सभी फेरी वाले गलत हैं पर कुछ तो निश्चित ही रेकी कर चोरों को सूचना दे रहें हैं कि किस घर में ताला है और कौन सा घर चोरी के लिए सॉफ्ट टारगेट हो सकता है। इनपर नियंत्रण होना चाहिए। पर एक प्राइवेट मोहल्ले में ये एक मुश्किल कार्य है। सोलानीपुरम वेलफेयर समिति को इस बाबत कुछ सोचना चाहिए। पार्षद आशा यादव (9358720616), नामित पार्षद रमेश जोशी (9997295405, 8273670001) और पूर्व पार्षद जे पी शर्मा (9897776353) को भी इन घटनाओं को अपने संज्ञान में लेकर कुछ प्रयास करना चाहिए और लिखा-पढ़ी कर प्रशासन  को सचेत करना चाहिए।

इन चोरियों को रोकने हेतु यहाँ के स्थानीय निवासियों को इन फेरी वालों और कबाड़ीवालों पर नजर रखनी चाहिए और शक होने पर पार्षद को खबर करनी चाहिए। लाख टके का सवाल है कि सुबह पांच बजे कबाड़ी सोलानीपुरम में कौनसा कबाड़ लेने आते है।

Subscribe for SMS alerts on your Smartphone

Friday, 24 February 2017

सोलानीपुरम चौराहे पर जलभराव की समस्या

आजकल कई महीनों से सोलानीपुरम चौराहे पर जलभराव की समस्या गंभीर रूप धारण करती जा रही है जिसके कारण यहाँ के निवासियों को अत्याधिक परेशानी हो रही है. सोलानीपुरम के इस चौराहे पर सबसे अधिक ट्रेफिक रहता है पर इसका आज बुरा हाल है. गन्दा पानी जमा हो रहा है जो विभिन्न बीमारियों को जन्म दे सकता है. चौराहे पर गढ़ढा हो गया है जिस कारण आये दिन एक्सीडेंट हो रहे हैं.


इस सदर्भ में आज एक खबर आज के दैनिक जागरण में छपी है जिसमे नगर निगम से इस समस्या का संज्ञान लेने का आग्रह किया गया है. इस समस्या के निदान हेतु सोलानीफेयर के सदस्यों के साथ रमेश जोशी ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मयूर दीक्षित से मिले.


आश्चर्य है कि नगर पालिका से नगर निगम हो गया पर सोलानीपुरम के हालात जस के तस हैं! सोलानीपुरम के समस्त निवासियों को अपने स्तर पर इस समस्या को उठाना चाहिए और सोशल मीडिया पर तब तक पोस्ट करते रहना चाहिए जब तक ये समस्या रुड़की के मेयर एवं सम्बंधित अधिकारियों के मोबाइल तक ना पहुँच जाए.

Monday, 7 November 2016

ग़रीबों की सहायता हेतु "युवागिरी" ने दी सोलानीपुरम में दस्तक - एक सराहनीय कदम

के एल पॉलिटेक्निक के कुछ छात्र-छात्राओं ने एक अत्यंत सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने एक संगठन "युवागिरी" का सृजन किया है जो गरीब लोगो की सहायता एक अलग अंदाज में करती है।

इस रविवार इस संगठन के सदस्य सोलानीपुरम आए और अपनी संस्था के पेम्फलेट वितरित किए। सोलानीपुरम के लोगो से अपील की कि वे अपना वो सामान जैसे बच्चों के खिलौने, कपड़े इत्यादि जिसे वे प्रयोग नही करना चाहते हैं - इस संस्था "युवागिरी" को दे दें। ये संस्था इस सामान को आवश्यकतानुसार ग़रीबों में वितरित कर देगी।

इस ब्लॉग के माध्यम से मैं सोलानीपुरम के निवासियों से अनुरोध करता हूँ कि वो युवाओं की इस मुहिम को सपोर्ट करें और एक नेक कार्य का हिस्सा बने।

इस संस्था का ट्वीटर हैंडल https://twitter.com/YuvagiriOffice है और फेसबुक पेज https://www.facebook.com/YuvagiriOffice है। इमेल है yuvagirioffice@gmail.com.

आप   मोबाइल नंबर 9368566762 और 9897205066 पर भी "युवागिरी" से संपर्क कर सकते हैं।

(Author is associated with www.amiestudycircle.com)

Monday, 24 October 2016

सोलानीपुरम में दीपावली मेला - 2016

सोलानीपुरम में सोलानीपुरम वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित दीपावली मेला - 2016 धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि माननीय मुख्यमंत्री ने मेधावी बच्चों को पुरस्कार व सम्मान पत्र वितरित किए। सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। मेले में कई प्रकार के स्टाल लगे। सबसे अच्छी बात जो इस ब्लॉग लेखक को लगी कि मेले में जुए का एक भी स्टाल नही था। इसके लिए आयोजको को साधुवाद।




और अंत में:
एक बात जो अक्सर मैं महसूस करता हूँ कि जितनी शिद्दत से सोलानीपुरम वेलफेयर एसोसिएशन विभिन्न कार्यक्रम जैसे मेले, धार्मिक अनुष्ठान इत्यादि आयोजित करती है अगर उतना ही जोश सोलानीपुरम की विभिन्न समस्याओं पर भी केंद्रित करती तो इस समिति का नाम सार्थक हो जाता।

Monday, 19 September 2016

सोलानीपुरम का गंदा चौराहा

आजकल सोलानीपुरम का ट्रांसफार्मर चौराहा बीमारी का कारण बनता जा रहा है। सोलानीपुरम स्वच्छता अभियान समिति को ये शायद दिख नही रहा है। आज अगर इस चौराहे का यह हाल हुआ है तो इसके प्रमुख जिम्मेदार सोलानीपुरम के नेता हैं जिन्होंने इसे सोलानीपुरम को ओछी राजनीति का हिस्सा बना दिया है। इस चौराहे पर आओ, धरना प्रदर्शन करो, फोटो खिंचवाओ और फेसबुक पर अपलोड करो। क्या इससे अधिक शर्मनाक कुछ हो सकता है?
सोलानीपुरम का गंदा चौराहा
मुझे याद आता है जब जे पी शर्मा इस वार्ड से पार्षद थे तो कभी ऐसी समस्या नही आयी। वो अक्सर बरसात से पहले मलबा इत्यादि डलवा देते थे और अपनी चतुराई से ऐसा इंतजाम रखते थे की गंदा पानी भी नही रुकता था। पर अच्छा काम सोलानीपुरम ईगो से भरे लोगो को रास नही आता।

सोलानीपुरम में ऐसे लोगो की भरमार है जो बड़ी डींगे मारते है कि उनके बड़े नेताओं और अफसरों से सम्बन्ध हैं पर जब किसी स्थानीय समस्या को सुलझाने की बात आती है तो उनकी हवा निकल जाती है।

कुल मिलाकर सोलानीपुरम की दुर्दशा के लिए छोटी सोच वाले नेता और अहंकार से भरी जनता जिम्मेदार है।

Wednesday, 31 August 2016

सोलानीपुरम की ख़राब सड़कें - जनता और नेता मौन!

यूँ तो सोलानीपुरम को पॉश कॉलोनी कहा जाता है (हॉलाकि मै इसे पॉश मोहल्ला भी नही मानता) पर  मेन ट्रांसफार्मर से आदर्श नगर जाने वाली सड़क की हालत को देखकर ऐसा नही लगता। वैसे जिस मोहल्ले में कई नेता हों और ज्यादा सयाने लोग हों वहां ऐसा होना स्वाभाविक है। हैरानी तो इस बात की है कि जो लोग इस खराब सड़क से प्रभावित हैं वो आश्चर्यजनक रूप से चुप हैं। शायद व्हाट्सएप या फेसबुक में व्यस्त होंगे। ये ज्यादा जरूरी जो है, सड़क तो होती रहेगी।

क्या ऐसी होती हैं पॉश कॉलोनी की सड़क
मैंने अक्सर सोलानीपुरम के लोगो को आपस में यहाँ के नेताओं की बुराई करते सुना है पर सोलानीपुरम की समस्याओं पर पार्षद और यहाँ के अन्य नेताओं से विचार विमर्श करते नही देखा। भाई, आप डाक्टर, इंजीनियर, बैंकर, अफसर या फिर बिजनेसमैन होंगे अपने घर के, जब सोलानीपुरम की समस्या की बात आए तो अपना ईगो (EGO) घर पर रखकर खुले दिमाग से आपस में परामर्श करें।

इस समस्या संदर्भ में सोलानीपुरम के तीन प्रमुख नेता सुशील यादव, जे पी शर्मा व रमेश जोशी क्या कर रहें हैं, मैं नही जानता। जोशीजी ने तो सोलानीपुरम वेलफेयर एसोसिएशन का व्हाट्सएप पर एक ग्रुप बनाया है जिसमे सोलानीपुरम की समस्याओं को छोड़कर सबकुछ पोस्ट किया जाता है। धन्य हैं इस ग्रुप के एडमिन जो इस ग्रुप को ढंग से संचालित नही कर पा रहे हैं। जे पी शर्मा क्या कर रहें हैं, पता नही। पिछले कुछ वर्षों से उन्हें सोलानीपुरम की सक्रिय राजनीति में नही देखा। इस सड़क को अगर सुशील यादव और रमेश जोशी से जोड़कर देखें तो यही कहा जा सकता है जैसे चिराग तले अन्धेरा! धन्य हैं ये महानुभाव। भाई थोड़ा समय बड़े नेताओं के साथ खींचे फोटो को फेसबुक पर डालने से निकालकर सोलानीपुरम की समस्याओं पर भी दे दो। आप का बहुत उपकार होगा।

Saturday, 6 August 2016

सोलानीपुरम में तीज का त्यौहार धूमधाम से

हरियाली तीज का त्यौहार सोलानीपुरम में अत्यंत उल्लास व धूमधाम से मनाया गया। सोलानीपुरम की पार्षद आशा यादव, सुशील यादव व सोलानीपुरम के निवासियों के सहयोग से कार्यक्रम अत्यन्त सफल रहा। सभी महिलाओं ने ढोल की थाप व डीजे पर खूब नृत्य किया और गीत गाए। सभी महिलाओं ने झूले का खूब आनंद लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी नई सूक्ष्म जलपान का आनंद लिया।

कुछ चित्र
(डाउनलोड करें, 48 चित्र, 15 MB)


















Sunday, 26 June 2016

सोलानीपुरम में मेयरसाब की विजिट

आखिरकार मेयरसाब का सोलानीपुरम का दौरा हो ही गया। इस दौरे में एक बात अच्छी रही कि इसमें कोई शोरशराबा और दिखावा नही था। सोलानीपुरम के लोगों ने अपनी समस्याएं मेयर यशपाल राणा के सामने रखी जिन्हें मेयरसाब ने बड़े ध्यान से सुना। 

पार्षद आशा यादव के घर से ट्रांसफार्मर तक की सड़क बेहद खराब है  जिसके कारण कई लोग चोटिल हो चुके हैं। यशपाल राणा ने एक दो दिन में ही इस सड़क को ठीक कराने का वादा किया।

सोलानीपुरम में जिन स्थानों पर स्ट्रीटलाइट नही है, वहाँ स्ट्रीटलाइट की व्यवस्था की जाएगी।

आदर्शनगर की ओर जाने वाली कच्ची सड़क को पक्का कराने की बाबत उन्होंने स्पष्ट कहा कि ये संभव नही, क्योकि ये एक डिस्प्यूटेड जमीन है।

सोलानीपुरम में आजकल सफाई व्यवस्था सही नही चल रही है। इस बारे में राणा जी ने कहा कि सोलानीपुरम में फिलहाल सफाई कर्मचारियों की और नियुक्ति संभव नही है पर जैसे ही खंजरपुर में सफाई कर्मचारियों की तैनाती होगी, उनमे में से दो कर्मचारियों को सोलानीपुरम का अतिरिक्त भार दिया जाएगा।

कुल मिलाकर यशपाल राणा ने अपनी संक्षिप्त विजिट में सोलानीपुरम की समस्याओं को दूर करने का आश्वासन दिया। ये कहने पर कि सभी नेता लोग वायदा तो कर लेते हैं पर पूरा नही करते, राणा जी ने कहा कि वो जिस कौम से आते हैं वहाँ वादाखिलाफी नही की जाती। वो वचन की कीमत जानते हैं।

अब ये सोलानीपुरम की पार्षद आशा यादव/सुशील यादव पर निर्भर करता है कि वे कैसे इन कार्यो के लिए नगर निगम को पुश करते हैं।

कुछ चित्र:






Monday, 4 April 2016

कैम्ब्रिज बुक डिपो की मनमानी

कई स्कूलों जैसे डीपीएस, मोंटफोर्ट इत्यादि की पुस्तकें और स्कूल ड्रेस कैम्ब्रिज बुक डिपो (Cambridge Book Depot, Civil Lines, Roorkee) पर मिल रही हैं। पर विडम्बना ये है कि यह दुकान ग्राहकों को लूटने के लिए कुख्यात है। MRP से भी ज्यादा रेट पर पुस्तकें और कॉपिया दी जा रही हैं।

रुड़की की एक अन्य दुकान स्टूडेंट स्टोर (Student Store, Roorkee) का भी कमोबेश यही हाल है।

रुड़की में स्टेशनरी की एक नयी दुकान विशाल मेगा मार्ट के पास खुली है - J P STATIONERS. यहाँ बेहद किफायती दाम पर स्टेशनरी आइटम उपलब्ध हैं। आप यकीन नही करेंगे कि क्लासमेट की कॉपी जिसपर सभी दुकानदार 10% डिस्काउंट देते हैं, जे पी स्टेशनर्स पर वो 30% डिस्काउंट पर उपलब्ध है।

ड्रेस के लिए आप जनता शू  स्टोर, सिविल लाइन (सोनी शोरूम के सामने), अभिषेक अथवा हर्षित गारमेंट पर ट्राई कर सकते हैं। यहाँ ड्रेस बेहद किफायती दाम पर उपलब्ध है।


कुल मिलाकर अब वक्त आ गया है की अभिभावक जागरूक हों और इस शिक्षा माफिया को मुहतोड़ जवाब दें। अच्छी और किफायती दुकानों की तलाश करें और सोशल मीडिया के माध्यम से अन्य लोगों तक पहुँचाए।

Friday, 25 March 2016

सोलानीपुरम में होली (2016)

सोलानीपुरम में होली धूमधाम से मनाई गयी। सोलानीपुरम वेलफेयर एसोशियेशन ने होलिका दहन का आयोजन किया जिसमे बड़ी संख्या में वेस्ट सोलानीपुरम के निवासी उपस्थित थे। सोलानीपुरम पार्षद आशा यादव/सुशील यादव, पूर्व पार्षद जे पी शर्मा, नामित पार्षद रमेश जोशी और सोलानीपुरम वेलफेयर एसोशियेशन के अध्यक्ष योगेश गोयल इत्यादि ने पूजा अर्चना कर निवासियों के सहयोग से होलिका दहन किया।

सोलानीपुरम के अन्य हिस्सों में भी होलिका दहन किया गया।

अगले दिन रंगो की होली धूमधाम से मनाई गयी। जैसा हमेशा होता है कि कुछ लोगो में अति उत्साह था तो कुछ कि हालत हवा निकले गुब्बारे जैसी थी। सोलानीपुरम के कुछ हिस्सों में धूमधाम थी तो कुछ हिस्सों में कर्फ्यू जैसा माहौल था!

खैर, नीचे कुछ  चित्र व एक स्लाइड शो दिया गया है जो वेस्ट सोलानीपुरम की होली के उत्साह को बयान करते हैं।
वीडियो (स्लाइड शो)


चित्र
इन चित्रों (कुल 103) को डाउनलोड कर सकते हैं (50 MB).