Showing posts with label Water Supply. Show all posts
Showing posts with label Water Supply. Show all posts

Tuesday, 29 December 2015

क्लीन रुड़की, ग्रीन रुड़की

आज का ये लेख मै रुड़की नगर निगम की कूड़ा एकत्रित करने वाली गाड़ी को समर्पित करना चाहता हूँ। इस गाड़ी ने वास्तव में क्लीन रुड़की ग्रीन रुड़की के सपने को साकार किया है। वैसे तो इसका श्रेय नगर पालिका के तत्कालीन चेयरमैन प्रदीप बत्रा को जाता है पर यह भी सच है कि वर्तमान मेयर यशपाल राणा ने इसको बखूबी आगे बढ़ाया है।



मुझे याद है कुछ वर्ष पहले का वो समय जब सम्पूर्ण सोलानीपुरम (Solanipuram) का कूड़ा ट्रांसफार्मर के पास के मैदान में फैका जाता था। इस कारण सोलानीपुरम में आने वाले व्यक्ति पर अच्छा प्रभाव नही पड़ता था और गंदगी व बदबू भी रहती थी। पर कूड़ा वाहन गाड़ी के आने से न सिर्फ हमारी सोलानीपुरम अपितु सम्पूर्ण रुड़की (Roorkee) में सफाई नज़र आ रही है।

कुल मिलाकर ये कहा जा सकता है की अगर राजनीति से ऊपर उठकर विकास कार्य पर ध्यान दिया जाए तो न सिर्फ शहर का विकास होता है अपितु राजनेताओ के बीच एक स्वच्छ प्रतिस्पर्धा होती है न कि आरोप प्रत्यारोप की न ख़त्म होने वाली लड़ाई। प्रदीप बत्रा और यशपाल राणा दोनों ही रुड़की के विकास के लिए अच्छा कार्य कर रहे हैं। आज अगर रुड़की में चारो और चौड़ी सड़के, पार्क में झूले, बैंच, एडीबी प्रोजेक्ट (इसमें पूर्व विधायक सुरेश जैन का भी योगदान है), सड़कों के किनारे टाइलिंग। कूड़े से बिजली बनाने के प्रोजेक्ट पर भी काम चल रहा है। गंगा नहर पर पुल भी बन रहा है जो बढ़ते ट्रैफिक से निज़ात दिलाएगा।

कुल मिलाकर प्रदीप बत्रा और यशपाल राणा की आपसी स्वच्छ प्रतिस्पर्धा का फायदा विकास के रूप में रुड़की की जनता को मिल रहा है। मेरा तो ये मानना है की इस माडल को पुरे देश में अपनाना चाहिए जहाँ आरोप प्रत्यारोप के स्थान पर नेता लोग विकास कार्य कर अपने राजनैतिक विरोधियों का सामना करें।

Competition is a rude yet effective motivation.

Thursday, 25 April 2013

सोलानीपुरम मे विकास कार्य व निकाय चुनाव 2013

सोलानीपुरम में चार मुख्य समस्याऐं हैं - सड़क, पीने का पानी, गंदे पानी की निकासी व बिजली।

अगर सड़कों की बात करें तो भला हो नगरपालिका चेयरमैन श्री प्रदीप बतरा व सभासद श्री जे पी शर्मा का जिनके कारण पिछले एक वर्ष में सोलानीपुरम में लगभग सभी खराब सड़कों की जगह नयी सड़कें बन गयी हैं।

पानी की भी समस्या काफी हद तक हल हो गयी है। लगभग 60% सोलानीपुरम में आदर्शनगर ट्यूबवेल से पीने का पानी आ रहा है। यह पानी अत्यंत साफ है तथा इसमे पीलापन भी नही है।

गंदे पानी की निकासी की समस्या अभी भी बरकरार है जिसका समाधान निकट भविष्य मे संभव नही। डीप सीवर लाइन ही इसका एकमात्र समाधान है जो अत्यंत महंगा होने के कारण केवल बड़े प्रोजेक्ट मे ही कवर हो सकता है। सोलानीपुरम का कोई भी नेता इस समस्या को दूर करने की गारंटी नही दे सकता।

बिजली की बात करें शर्माजी के 15 वर्ष के कार्यकाल मे दो 400 केवीए व दो 250 केवीए के ट्रांसफार्मर सोलानीपुरम में लगे हैं। अधिक विद्दुत लोड के कारण फिलहाल अतिरिक्त अस्थायी ट्रांसफार्मर से काम चल रहा है क्योंकि वर्तमान ट्रांसफार्मर सोलानीपुरम (जहाँ हर घर मे काफी विद्दुत लोड है) मे नाकाफी हैं। यह अस्थायी ट्रासफार्मर कब हट जाये, पता नही। सोलानीपुरम के सभी नेताओं व निवासियों को इस समस्या को सुलझाने हेतु मिलकर कार्य करना चाहिये।

गोल कॉलोनी मे शानदार गेट का निर्माण भी जे पी शर्मा व प्रदीप बतरा के प्रयासों से हुआ है। खराब स्ट्रीट लाइटें भी समय-2 पर ठीक होती रहती हैं। बिजली के खंभे भी लगते रहते हैं। कचरे को उठाने के लिये भी प्रत्येक दिन गाड़ी आ रही है।

सोलानीपुरम के विकास कार्यो मे यहाँ के विपक्षी नेताओं की क्या भूमिका है, इस पर भी चर्चा होनी चाहिये।

सोलानीपुरम की विद्दुत समस्या को दूर करने में रमेश चंद जोशी व उनके सहयोगियों ने प्रयास किये है।  वेलफेयर एसोशियन ने विद्दुत कैंप लगवाया तथा दिवाली मेला भी आयोजित किया।

सुशील यादव की भूमिका सोलानीपुरम सुरक्षा समिति के सहयोग से वेस्ट सोलानीपुरम मे पक्का केबिन बनवाने मे रही। सुशील यादव ने हाल ही में सोलानीपुरम में डा. मेहरोत्रा के आई क्यू  का निशुल्क नेत्र जाँच शिविर भी लगवाया। सुशील यादव सोलानीपुरम सुरक्षा समिति के सदस्य भी हैं।

कुल मिलाकर श्री जे पी शर्मा का कार्य अच्छा रहा है।  रमेश चंद जोशी व सुशील यादव युवा हैं, किंतु सोलानीपुरम के विकास हेतु वे क्या कर सकते हैं, यह भविष्य की गर्त मे छुपा है।

कुल मिलाकर सोलानीपुरम मे नगर निगम के पार्षद हेतु त्रिकोणीय मुकाबला है। श्री जे पी शर्मा की पत्नी श्रीमति दया शर्मा, रमेश चंद जोशी की पत्नी श्रीमति दीपा जोशी व सुशील यादव की पत्नी श्रीमति आशा यादव मैदान चुनावी मैदान में हैं। एक नया नाम सामने आया है श्रीमती रानी गुप्ता का। अच्छी बात है, सभी को चुनाव लड़ने का हक है। जिसमे भी सोलानीपुरम में विकास कार्य करने की प्रतिबद्धिता है, यहाँ के निवासी उसका साथ अवश्य देंगे।

सोलानीपुरम की जनता ने अपने पत्ते नही खोले हैं। इसलिये परिणाम के बारे मे कुछ भी नही कहा जा सकता। अधिकांश वोटर अभी किसी भी चुनाव कैंप मे नही जा रहा है। एक बात निश्चित है कि भीड़ व मीडिया हाईप वोट का पैमाना नही है। अत: नेताओं के चुनावी कैंप की भीड़ अथवा अखबार की खबरों को देखकर कोई निष्कर्ष नही निकाला जा सकता।

Tuesday, 19 March 2013

संपूर्ण गोल कॉलोनी में वाटर सप्लाई

सोलानीपुरम की गोल कालोनी में भी श्री जे पी शर्मा व यहाँ के निवासियों के सहयोग से अब पीने के पानी की लाइन डल गयी है। पीले दूषित पानी से निजात मिल गयी है। टैंक को भी बार बार साफ करने का की जरूरत  नही।  मोटर चलाने की भी आवश्यक्ता नही है। अब जो पानी आ रहा है वह अत्यन्त साफ़ है। प्रेशर बहुत अच्छा है, इतना की सभी ब्लाक हुए  पाइप स्वत: ही साफ़ हो गये हैं। यह पानी आदर्श नगर स्थित ट्यूबवेल से  लगभग 450 फीट की गहरायी से आ रहा है। क्योंकि ढाल आदर्श नगर से सोलानीपुरम की ओर है अत: बिजली न होने कि स्थिति मे भी सोलानीपुरम के ग्राउंड फ्लोर पर पानी मिलता ही रहेगा। शर्माजी ने बताया कि वे संपूर्ण सोलानीपुरम मे पीने के पानी की लाइन डालने हेतु अत्यंत गंभीर हैं तथा इसके लिये वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

खैर एक बात तो माननी पड़ेगी कि शर्मा जी के इस कार्यकाल में सोलानीपुरम में काफी कार्य हुआ है।इसके बावजूद भी अगर कुछ लोग उनके कार्य से संतुष्ट नही है तो  ये तो भारत है जहाँ कभी भी सारे लोग जनप्रतिनिधि के कार्यो से संतुष्ट नही हुए हैं।आप कितना भी अच्छा काम कर लें, कुछ नेगेटिव माइंडसेट के लोग आपके कार्य की निंदा अवश्य करेंगे। ऐसे लोगो को इग्नोर कर  देना ही बेहतर है।

वाटर कनेक्शन के लिये प्रार्थना पत्र देना

वाटर कनेक्शन के लिये प्रार्थना पत्र देना

वाटर कनेक्शन का फार्म को डाउनलोड करें।
इस फार्म के साथ रु. 4090/- का एक डिमांड  ड्राफ्ट लगेगा। ड्राफ्ट उत्तराखंड जल संस्थान, रुड़की के फेवर मे होना चाहिये।
इसके साथ लगायें :
1. हाउस टैक्स की कॉपी
2. आइडेंट्टी प्रूफ जैसे वोटर पहचान पत्र/आधार कार्ड/इत्यादि (कोई एक) की सेल्फ अटेस्टड कॉपी
3. रु. 100/- का स्टैंप पेपर (क्रास करके नीचे हस्ताक्षर करें व लिखे "अनुबंध पत्र संलग्न है")। अनुबंध पत्र में किसी एक पड़ोसी के हस्ताक्षर लेने होंगे। उस पड़ोसी का हाउस टैक्स की कॉपी भी संलग्न करनी होगी।
(श्री संदीप जैन, 594, सोलानीपुरम से प्राप्त जानकारी पर आधारित)

Thursday, 13 December 2012

सोलानीपुरम में विकास कार्य (भाग 1)

सोलानीपुरम में चार मुख्य समस्याऐं हैं - सड़क, पीने का पानी, गंदे पानी की निकासी व बिजली। अगर सड़कों की बात करें तो भला हो नगरपालिका चेयरमैन श्री प्रदीप बतरा व सभासद श्री जे पी शर्मा का जिनके कारण पिछले एक वर्ष में सोलानीपुरम में लगभग सभी खराब सड़कों की जगह नयी सड़कें बन गयी हैं।

पानी की भी समस्या काफी हद तक हल हो गयी है। लगभग 80% सोलानीपुरम में ट्यूबवेल से पीने का पानी आ रहा है। यह पानी अत्यंत साफ है परंतु प्रेशर बहुत अधिक है जिसमें कारण कुछ लोगों के घर में पाइप के जोड़ खुल गये हैं। जे पी शर्मा के अनुसार शेष 20% भाग मे भी शीघ्र ही ट्यूबवेल का साफ पानी उपलब्ध करा दिया जायेगा, इसके लिये उनका प्रयास चल रहा है।

गंदे पानी की निकासी की समस्या अभी भी बरकरार है जिसका समाधान निकट भविष्य मे संभव नही। डीप सीवर लाइन ही इसका एकमात्र समाधान है जो अत्यंत महंगा होने के कारण केवल बड़े प्रोजेक्ट मे ही कवर हो सकता है।

बिजली की बात करें तो फिलहाल अतिरिक्त अस्थायी ट्रांसफार्मर से काम चल रहा है क्योंकि वर्तमान दो-तीन ट्रांसफार्मर सोलानीपुरम (जहाँ हर घर मे काफी विद्दुत लोड है) मे नाकाफी हैं। यह अस्थायी ट्रासफार्मर कब हट जाये, पता नही। यहाँ के निवासियों को चाहिये कि अपने घर का लोड बढवा लें। कम से कम कागजों पर तो लोड बढे।

गोल कॉलोनी मे शानदार गेट का निर्माण भी जे पी शर्मा व प्रदीप बतरा के प्रयासों से हुआ है। खराब स्ट्रीट लाइटें भी समय-2 पर ठीक होती रहती हैं। कचरे को उठाने के लिये भी प्रत्येक दिन गाड़ी आ रही है।  इसके लिये भी शर्मा जी-बतरा जी को ध्न्यवाद।

कुल मिलाकर मै व्यक्तिगत रूप से शर्माजी के काम से संतुष्ट हूँ। 

Thursday, 25 October 2012

गोल कॉलोनी में डल रही वाटर पाइप लाइन

गोल कॉलोनी में फिलहाल वाटर पाइप लाइन डल रही है। अच्छी बात यह है कि यह पाइप लाइन पी वी सी की है जिसमे न तो जंग लगेगा तथा जोड़ बनाने के लिये वेल्डिंग का भी झंझट नही है।

सभासद जे पी शर्मा ने बताया कि उन्होने हरीश रावत व प्रदीप बतरा को 300 मीटर अतिरिक्त वाटर लाइन के लिये पत्र भेजा है। अगर यह स्वीकृत हो जाता है तो सोलानीपुरम की बची हुयी सभी जगहों में वाटर लाइन डल सकती है।


Friday, 4 November 2011

सोलानीपुरम में वाटर पाइप लाइन का कार्य आरंभ

Water, water, everywhere,
And all the boards did shrink;
Water, water, everywhere,
Nor any drop to drink!
उपरोक्त पंक्तियाँ सोलानीपुरम पर सही उतरती हैं क्योकि नदी के समीप होने के कारण यहाँ पानी की कोई कमी नही पर पीने को एक बूंद स्वच्छ पानी भी नही! गंगा के समीप बसी इस कॉलोनी का इससे बड़ा दुर्भाग्य क्या होगा कि यहाँ के निवासी गंदा पानी पीने को मजबूर हैं!
 
परंतु अब एक अच्छी खबर: विगत कुछ दिनों से सोलानीपुरम मे वाटर पाइप लाइन का कार्य आरंभ युद्ध स्तर पर आरंभ हो गया है। रात मे मशीनों की सहायता से नालियों के किनारे गढ्ढे किये जा रहे हैं तथा दिन में उनमें पाइप डाले जा रहे हैं।
 

विश्वस्त सूत्रो से पता चला है कि जल्द ही (लगभग एक महीने मे) संपूर्ण सोलानीपुरम मे यह कार्य पूरा हो जायेगा। तत्पश्चात यहाँ के निवासियों का यह फर्ज बनता है कि वे पानी के कनेक्शन के लिये निवेदन दे दें ताकि भविष्य मे सड़क बनने से पहले ही सभी कनेक्शन जोड दिये जाये। अन्यथा बाद मे नयी बनी सड़क पर टूट फूट होगी।

जिस किसी भी नेता के प्रयास से यह कार्य हो रहा है, ईश्वर आने वाले चुनाव मे उसकी जीत सुनिश्चित करेगा, क्योंकि यह एक पुण्य का कार्य है जिसके कारण सोलानीपुरम के 600 घरों को पीने के गंदे पानी (सीवर वाटर) से मुक्ति मिलेगी। ट्यूबवेल से प्राप्त यह पानी अत्यंत स्वच्छ होगा क्योंकि यह 400 फुट की गहराई से प्राप्त होगा।

High quality water is more than the dream of the conservationists, more than a political slogan; high quality water, in the right quantity at the right place at the right time, is essential to health, recreation, and economic growth.

Friday, 16 September 2011

जे पी शर्मा ने दी सोलानीपुरम में आगामी विकास कार्यों की जानकारी

सोलानीपुरम मे विकास कार्यों के बारे मे मैने श्री जे पी शर्मा से बातचीत की। उन्होने बताया कि सोलानीपुरम मे अतिशीघ्र विकास कार्यो की बौछार होने वाली है।

निम्नलिखित कार्य जल्दी ही आरंभ होने वाले हैं:
  • जल वितरण हेतु पाइप लाइन डलने वाली है। पाइप आने आरंभ हो गये हैं जो नये बने ट्यूबवेल के पास पड़े हैं। मैने वह जगह खुद जाकर देखी। बात तो सच है परंतु सोलानीपुरम जैसी बड़ी कॉलोनी के लिये ये पाइप संख्या मे कम हैं। देखने मे ऐसा भी लग रहा है जैसे ये पाइप यहाँ काफी समय से पड़े हों। जंग भी नजर आ रहा है। खैर देखते हैं कि सोलानीपुरम मे जल वितरण कब से आरंभ होगा!
  • बिजली के छ:  खंभे आ चुके हैं जो निर्धारित जगहों पर लगाये जायेंगे।
  • प्रेमकुंज मे सड़क का कार्य आरंभ होने वाला है। सोलानीपुरम मे भी शीघ्र आरंभ होगा। (यहाँ के निवासियों को यह सुनिश्चित करना चाहिये कि जल वितरण हेतु पाइप पड़ने के बाद ही सड़क बने।) 
  • सोलानीपुरम वेस्ट मे गेट निर्माण तीव्र गति चल रहा है। इस कार्य का श्रेय वेस्ट सोलानीपुरम सुरक्षा समिति को भी जाता है। जिन्होने शर्माजी से इस कार्य के लिये निवेदन किया था।
  • बिजली के तार चेंज होने वाले हैं, इनके स्थान पर इंसुलेट्ड तार लगाये जाऐंगे।
जे पी शर्मा का यह कहना है कि सभी निर्माण सामग्री अत्य़ंत उच्च क्वालिटी की है, कोई भी निवासी इसे चैक कर सकता है।

उन्होने यह भी बताया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर कोई भी निवासी कभी भी निगरानी रख सकता है।

वैसे कुछ हद तक उनकी बात सही है क्योकि वेस्ट सोलानीपुरम मे बनने वाले गेट मे अच्छी सामग्री प्रयोग हो रही है। जे पी का सीमेंट लग रहा है। प्रेम कुंज का गेट भी अच्छा बना है, कॉलम के चारों ओर ब्लैक मार्बल लगा है।

Monday, 2 May 2011

कैसे करवाऐं चोक वाटर पाइप लाइन की सफाई

सोलानीपुरम का पानी इतना खराब है कि कुछ ही सालों मे पानी के पाइप चोक हो जाते हैं। इनके अंदर काई, गंदगी, बैक्टीरिया, स्लज इत्यादि जमा हो जाते हैं जिससे पानी का प्रेशर कम हो जाता है तथा पानी की क्वालिटी भी खराब हो जाती है जिससे फिल्टर पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। यह प्रेशर इतना कम हो जाता है कि अगर आप एक जगह के टैप से पानी लेते हैं तो दूसरी टैप से पानी आना बंद हो जाता है।

ऐसे मे समाधान क्या हो? क्या नई पाइप लाइन डलवायी जाये अथवा वर्तमान पाइपलाइन को कैमिकल से साफ करवाया जाये। इकोनोमी की दृष्टि से देखें तो दूसरा उपाय ज्यादा सही लगता है। कैमिकल से पाइप साफ करवाने से संपूर्ण पाइप लाइन नयी जैसी हो जाती है तथा पूरा प्रेशर मिलने लगता है। इस प्रकिया मे एक मोटर से संपूर्ण पाइप लाइन का पानी निकाला जाता है। इसके बाद इसमे कैमिकल डाला जाता है यह कैमिकल कई रसायनों का मिश्रण होता है। इस कैमिकल को स्वय़ं प्रयोग न करें - हाथ खराब होने का डर रहता है। इसे दास्ताने पहन कर ही प्रयोग कर सकते हैं। पाइप लाइन की सफाई के 3-4 दिन तक इसे पीने के पानी के लिये प्रयोग न करें, क्योकि इसमे से कैमिकल की गंध आती रहती है।





जब यह कार्य करवायें तो पाइप का कचरा एकत्रित करने के लिये फर्श, वाश बेसिन व स्टील की सिंक मे टैप के नीचे प्लास्टिक का टब रखें, अन्यथा इनपर कैमिकल के धब्बें पड़ जायेंगे तथा दूर नही होंगे। स्टील की सिंक में प्लास्टिक की शीट बिछाकर ही उसपर टब रखें जिससे एक भी धब्बा सिंक पर न पड़े। ध्यान रहे कि आपके फर्श/वाश बेसिन/सिंक की चिंता प्लंबर नही करेगा बल्कि आपको करनी है।

इस कार्य को दो पैसे बचाने के चक्कर मे स्वय़ं न करें, किसी अच्छे प्लंबर से करवाये। हमने इस कार्य को पवन (9634906669) से करवाया था। खर्चे का ब्रेकअप इस प्रकार है - मेन कैमिकल (रु. 60/- प्रति लीटर, अन्य कैमिकल - रु. 100/- के लगभग, लेबर - रु. 500/-, मोटर का किराया इत्यादि).

Saturday, 20 November 2010

सोलानीपुरम में टयूबवेल: निर्माण स्थल की रोचक दास्तान

There are two kinds of people: Those who do the work and those who take the credit. Try to be in the first group because there is less competition there.
आखिर काफी जद्दोजहद के बाद सोलानीपुरम में टयूबवेल (Tubewell) के लिये जगह मिल ही गयी। ईस्ट सोलानीपुरम मे एक नाले के पास कुछ स्थान खाली पडा था, इसको टयूबवेल के लिये उचित पाया गया (शायद यह स्थान सोलानीपुरम जन कल्याण समिति ने तलाश किया था)। समिति ने टयूबवेल हेतु प्रशासन से काफी पत्राचार भी किया था। दूसरी ओर रुडकी के विधायक श्री सुरेश चंद जैन व सोलानीपुरम के सभासद श्री जे पी शर्मा भी इस टयूबवेल के निर्माण हेतु प्रयासरत थे। इस संयुक्त प्रयास का ही परिणाम है कि अंतत: सोलानीपुरम मे टयूबवेल हेतु जमीन मिल गयी है। हालॉकि मजेदार बात यह है कि निर्माण स्थान भी विवादित ही रहा। जैसे ही निर्माण स्थान का विधायक द्वारा भूमि पूजन हुआ अगले ही दिन अखबार में विज्ञप्ति जारी हो गयी कि यह सब सोलानीपुरम जन कल्याण समिति के प्रयासों से हुया है (इसमे कुछ गलत नही है पर वास्तव मे यह एक संयुक्त प्रयास का नतीजा था)। यह खबर गाँव के महंतो तक पहुँच गयी जो बेलडे गाँव के हैं। उनका कहना है कि यह जमीन उनकी है अत: इस पर टयूबवेल नही बनाया सकता। बात स्टे लेने तक पहुँच गयी। मामला हाथों से निकलता जा रहा था। टयूबवेल का सपना धूल मे मिलता नजर आ रहा था, परंतु जे पी शर्मा, विधायक सुरेश चंद जैन व जल निगम के अधिकारियों कुशल वार्तालाप से अंतत: महंत मान ही गये परंतु उन्होने पूर्व निर्धारित जगह नही दी, उसके समीप दूसरी जगह दी। इस जगह का भूमि पूजन दोबारा हुया।

तो यह है टयूबवेल की जगह की रोचक दास्तान।

अब देखना यहाँ है कि निर्माण कार्य कब आरंभ होता है।
The way to get things done is not to mind who gets the credit for doing them.