Showing posts with label Roads. Show all posts
Showing posts with label Roads. Show all posts

Monday, 19 September 2016

सोलानीपुरम का गंदा चौराहा

आजकल सोलानीपुरम का ट्रांसफार्मर चौराहा बीमारी का कारण बनता जा रहा है। सोलानीपुरम स्वच्छता अभियान समिति को ये शायद दिख नही रहा है। आज अगर इस चौराहे का यह हाल हुआ है तो इसके प्रमुख जिम्मेदार सोलानीपुरम के नेता हैं जिन्होंने इसे सोलानीपुरम को ओछी राजनीति का हिस्सा बना दिया है। इस चौराहे पर आओ, धरना प्रदर्शन करो, फोटो खिंचवाओ और फेसबुक पर अपलोड करो। क्या इससे अधिक शर्मनाक कुछ हो सकता है?
सोलानीपुरम का गंदा चौराहा
मुझे याद आता है जब जे पी शर्मा इस वार्ड से पार्षद थे तो कभी ऐसी समस्या नही आयी। वो अक्सर बरसात से पहले मलबा इत्यादि डलवा देते थे और अपनी चतुराई से ऐसा इंतजाम रखते थे की गंदा पानी भी नही रुकता था। पर अच्छा काम सोलानीपुरम ईगो से भरे लोगो को रास नही आता।

सोलानीपुरम में ऐसे लोगो की भरमार है जो बड़ी डींगे मारते है कि उनके बड़े नेताओं और अफसरों से सम्बन्ध हैं पर जब किसी स्थानीय समस्या को सुलझाने की बात आती है तो उनकी हवा निकल जाती है।

कुल मिलाकर सोलानीपुरम की दुर्दशा के लिए छोटी सोच वाले नेता और अहंकार से भरी जनता जिम्मेदार है।

Wednesday, 31 August 2016

सोलानीपुरम की ख़राब सड़कें - जनता और नेता मौन!

यूँ तो सोलानीपुरम को पॉश कॉलोनी कहा जाता है (हॉलाकि मै इसे पॉश मोहल्ला भी नही मानता) पर  मेन ट्रांसफार्मर से आदर्श नगर जाने वाली सड़क की हालत को देखकर ऐसा नही लगता। वैसे जिस मोहल्ले में कई नेता हों और ज्यादा सयाने लोग हों वहां ऐसा होना स्वाभाविक है। हैरानी तो इस बात की है कि जो लोग इस खराब सड़क से प्रभावित हैं वो आश्चर्यजनक रूप से चुप हैं। शायद व्हाट्सएप या फेसबुक में व्यस्त होंगे। ये ज्यादा जरूरी जो है, सड़क तो होती रहेगी।

क्या ऐसी होती हैं पॉश कॉलोनी की सड़क
मैंने अक्सर सोलानीपुरम के लोगो को आपस में यहाँ के नेताओं की बुराई करते सुना है पर सोलानीपुरम की समस्याओं पर पार्षद और यहाँ के अन्य नेताओं से विचार विमर्श करते नही देखा। भाई, आप डाक्टर, इंजीनियर, बैंकर, अफसर या फिर बिजनेसमैन होंगे अपने घर के, जब सोलानीपुरम की समस्या की बात आए तो अपना ईगो (EGO) घर पर रखकर खुले दिमाग से आपस में परामर्श करें।

इस समस्या संदर्भ में सोलानीपुरम के तीन प्रमुख नेता सुशील यादव, जे पी शर्मा व रमेश जोशी क्या कर रहें हैं, मैं नही जानता। जोशीजी ने तो सोलानीपुरम वेलफेयर एसोसिएशन का व्हाट्सएप पर एक ग्रुप बनाया है जिसमे सोलानीपुरम की समस्याओं को छोड़कर सबकुछ पोस्ट किया जाता है। धन्य हैं इस ग्रुप के एडमिन जो इस ग्रुप को ढंग से संचालित नही कर पा रहे हैं। जे पी शर्मा क्या कर रहें हैं, पता नही। पिछले कुछ वर्षों से उन्हें सोलानीपुरम की सक्रिय राजनीति में नही देखा। इस सड़क को अगर सुशील यादव और रमेश जोशी से जोड़कर देखें तो यही कहा जा सकता है जैसे चिराग तले अन्धेरा! धन्य हैं ये महानुभाव। भाई थोड़ा समय बड़े नेताओं के साथ खींचे फोटो को फेसबुक पर डालने से निकालकर सोलानीपुरम की समस्याओं पर भी दे दो। आप का बहुत उपकार होगा।

Sunday, 26 June 2016

सोलानीपुरम में मेयरसाब की विजिट

आखिरकार मेयरसाब का सोलानीपुरम का दौरा हो ही गया। इस दौरे में एक बात अच्छी रही कि इसमें कोई शोरशराबा और दिखावा नही था। सोलानीपुरम के लोगों ने अपनी समस्याएं मेयर यशपाल राणा के सामने रखी जिन्हें मेयरसाब ने बड़े ध्यान से सुना। 

पार्षद आशा यादव के घर से ट्रांसफार्मर तक की सड़क बेहद खराब है  जिसके कारण कई लोग चोटिल हो चुके हैं। यशपाल राणा ने एक दो दिन में ही इस सड़क को ठीक कराने का वादा किया।

सोलानीपुरम में जिन स्थानों पर स्ट्रीटलाइट नही है, वहाँ स्ट्रीटलाइट की व्यवस्था की जाएगी।

आदर्शनगर की ओर जाने वाली कच्ची सड़क को पक्का कराने की बाबत उन्होंने स्पष्ट कहा कि ये संभव नही, क्योकि ये एक डिस्प्यूटेड जमीन है।

सोलानीपुरम में आजकल सफाई व्यवस्था सही नही चल रही है। इस बारे में राणा जी ने कहा कि सोलानीपुरम में फिलहाल सफाई कर्मचारियों की और नियुक्ति संभव नही है पर जैसे ही खंजरपुर में सफाई कर्मचारियों की तैनाती होगी, उनमे में से दो कर्मचारियों को सोलानीपुरम का अतिरिक्त भार दिया जाएगा।

कुल मिलाकर यशपाल राणा ने अपनी संक्षिप्त विजिट में सोलानीपुरम की समस्याओं को दूर करने का आश्वासन दिया। ये कहने पर कि सभी नेता लोग वायदा तो कर लेते हैं पर पूरा नही करते, राणा जी ने कहा कि वो जिस कौम से आते हैं वहाँ वादाखिलाफी नही की जाती। वो वचन की कीमत जानते हैं।

अब ये सोलानीपुरम की पार्षद आशा यादव/सुशील यादव पर निर्भर करता है कि वे कैसे इन कार्यो के लिए नगर निगम को पुश करते हैं।

कुछ चित्र:






Tuesday, 29 December 2015

क्लीन रुड़की, ग्रीन रुड़की

आज का ये लेख मै रुड़की नगर निगम की कूड़ा एकत्रित करने वाली गाड़ी को समर्पित करना चाहता हूँ। इस गाड़ी ने वास्तव में क्लीन रुड़की ग्रीन रुड़की के सपने को साकार किया है। वैसे तो इसका श्रेय नगर पालिका के तत्कालीन चेयरमैन प्रदीप बत्रा को जाता है पर यह भी सच है कि वर्तमान मेयर यशपाल राणा ने इसको बखूबी आगे बढ़ाया है।



मुझे याद है कुछ वर्ष पहले का वो समय जब सम्पूर्ण सोलानीपुरम (Solanipuram) का कूड़ा ट्रांसफार्मर के पास के मैदान में फैका जाता था। इस कारण सोलानीपुरम में आने वाले व्यक्ति पर अच्छा प्रभाव नही पड़ता था और गंदगी व बदबू भी रहती थी। पर कूड़ा वाहन गाड़ी के आने से न सिर्फ हमारी सोलानीपुरम अपितु सम्पूर्ण रुड़की (Roorkee) में सफाई नज़र आ रही है।

कुल मिलाकर ये कहा जा सकता है की अगर राजनीति से ऊपर उठकर विकास कार्य पर ध्यान दिया जाए तो न सिर्फ शहर का विकास होता है अपितु राजनेताओ के बीच एक स्वच्छ प्रतिस्पर्धा होती है न कि आरोप प्रत्यारोप की न ख़त्म होने वाली लड़ाई। प्रदीप बत्रा और यशपाल राणा दोनों ही रुड़की के विकास के लिए अच्छा कार्य कर रहे हैं। आज अगर रुड़की में चारो और चौड़ी सड़के, पार्क में झूले, बैंच, एडीबी प्रोजेक्ट (इसमें पूर्व विधायक सुरेश जैन का भी योगदान है), सड़कों के किनारे टाइलिंग। कूड़े से बिजली बनाने के प्रोजेक्ट पर भी काम चल रहा है। गंगा नहर पर पुल भी बन रहा है जो बढ़ते ट्रैफिक से निज़ात दिलाएगा।

कुल मिलाकर प्रदीप बत्रा और यशपाल राणा की आपसी स्वच्छ प्रतिस्पर्धा का फायदा विकास के रूप में रुड़की की जनता को मिल रहा है। मेरा तो ये मानना है की इस माडल को पुरे देश में अपनाना चाहिए जहाँ आरोप प्रत्यारोप के स्थान पर नेता लोग विकास कार्य कर अपने राजनैतिक विरोधियों का सामना करें।

Competition is a rude yet effective motivation.

Thursday, 19 November 2015

सोलानीपुरम की मुख्य सड़क बन गयी है एक बुरा सपना!

आजकल सोलानीपुरम की मुख्य सड़क एक पगडंडी बन कर रह गयी है। अभी एक फंक्शन में कुछ निवासियों (डा. आनंद, प्रबल प्रताप सिंह, पार्षदपति सुशील यादव, सतीश सैनी व के के अस्थाना ) से बात हो रही थी। सभी इस बात पर एकमत थे की जब से सोलानीपुरम की इस मुख्य सड़क पर प्ले प्रथम स्कूल तथा नवरचना टावर का शॉपिंग कॉम्पलेक्स आया है तब से इस सड़क का बेड़ागर्क हो गया है।


अभी कई प्लाट पर निर्माण होना बाकी है। जब ऐसा होगा तब इस सड़क का भगवान ही मालिक होगा।

इस समस्या का समाधान किसी के भी समझ में नही आ रहा है। सड़क के दोनों ओर नाली बनने से समस्या और जटिल हो गयी है। इन नालियों के पानी के निकासी की कोई उचित व्यवस्था भी नही है।

कुल मिलाकर सोलानीपुरम की ये मुख्य सड़क एक बुरा सपना बनकर रह गयी है। ये बुरा सपना रोज देखना पड़ रहा है।

Saturday, 12 July 2014

रमेश चंद जोशी की भूख हड़ताल समाप्त

रमेश चंद जोशी की भूख हड़ताल अंततः आज बिना किसी ठोस परिणाम के समाप्त हो गयी। हड़ताल का समापन रुड़की विधायक श्री प्रदीप बत्रा ने जूस पिलवाकर करवाया। कुल जमा परिणाम ये निकला कि सम्बंधित जमीन के मामले में कोर्ट से स्टे है। स्टे के दौरान इस जमीन पर कोई भी निर्माण कार्य नही हो सकता है। अगर पक्की सड़क बनानी है तो पहले इस स्टे को हटवाना होगा। तभी ये सड़क बन सकती है।

रमेश चन्द जोशी को भूख हड़ताल पर बैठने से पहले इस तथ्य की जानकारी नही थी।

बहरहाल ये मामला अब ठन्डे बस्ते में चला गया है, अब ये सड़क कब बनेगी, पता नही।

20140712_115015[1]

 

20140712_115401[1]

Thursday, 10 July 2014

रमेश चन्द जोशी की अनिश्चितकालीन भूख हडताल आरम्भ

जैसा कि रमेश चन्द जोशी ने कहा था कि अगर सोलानीपुरम की विवादित कच्ची सडक बजट पास हो जाने के बावजूद पक्की न हुयी तो वे 10 जुलाई से भूख हडताल आरम्भ कर देंगे। सो आज से उन्होने अनिश्चितकालीन भूख हडताल आरम्भ कर दी है। अच्छी बात ये है कि उन्हे सोलानीपुरम के लोगो का सहयोग मिल रहा है। मीडिया भी इस हडताल को कवर कर रहा है।

20140710_141014-1 20140710_141006  20140710_141039 hungerstrike-AU-110714

hungerstrike-DJ-110714इस सन्दर्भ ने इस ब्लाग लेखक ने हाल ही मे दो पोस्ट लिखे हैं,

एक महाभारत - सोलानीपुरम में कच्ची सड़क को पक्का करना व

सोलानीपुरम में विकास कार्य आरम्भ।

जोशीजी को ब्लाग लेखक की ओर से इस नेक काम के लिए शुभकामनाऐं।

Friday, 4 July 2014

एक महाभारत - सोलानीपुरम में कच्ची सड़क को पक्का करना

सोलानीपुरम के जुझारू नेता रमेश चंद जोशी यहाँ एक सड़क जो वर्षो से कच्ची पड़ीramesh-jagran है, को पक्का कराने के लिए आजकल भरसक प्रयास कर रहे है। खलिहान की दस बीघा ये जमीन अब सरकार के अधीन है। पर सोलानीपुरम में कुछ ताकतें नही चाहती कि यह कार्य हो। यही वे लोग हैं जो गाँव वालो को भड़का देते हैं, जिस कारण ये सड़क पक्की नही बन पाती।

प्रभावी क्षेत्र के लोगों को मिलाकर सभी सम्बंधित पक्षों से बात करनी चाहिए जिसमे गाँव वाले भी शामिल हैं। इन लोगो को अपनी कच्ची सड़क के कारण हो रही दिक्कतों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना चाहिए। एक बात समझ लें की अगर ये सड़क अभी नही बनी तो कभी नही बनेगी। अभी तो आपदा राहत कोष से बीस लाख का बजट पास है बाद का फिर पता नही।

एक बात और,  इस सब प्रक्रिया में समितियों को दूर रखें, इससे बात बिगड़ेगी ही। 

रमेश चंद जोशी ने भूख हड़ताल की धमकी भी दी है, पर मामला अगर शान्ति से सुलझ जाए तो अच्छा है।

Friday, 13 June 2014

सोलानीपुरम में विकास कार्य आरम्भ

ऐसा लगता है की सोलानीपुरम में विकास कार्य आरम्भ होने लगे हैं। फिलहाल सोलानीपुरम मेन गेट से मुख्य ट्रांसफार्मर तक की सड़क (सड‌क  क्या पगडंडी ही है!) का नवीनीकरण व इसके दोनों ओर नाली बन रही है तथा मुख्य ट्रांसफार्मर से गुप्ता एंटरप्राइजेज तक पक्की सड़क बनने की बात है (जो अब तक विभिन्न राजनैतिक कारणों से कच्ची ही है)।

इस कार्य का श्रेय रमेश चन्द जोशी को जाता है। उन्हें ब्लॉग लेखक की ओर से धन्यवाद।

जोशी जी ने ब्लॉग लेखक को एक पत्र भी दिखाया जो जोशीजी ने फरवरी 2014 में वर्तमान चीफ मिनिस्टर माननीय हरीश रावत को लिखा था। रावत जी ने इस पत्र को रुड़की के एस डी एम् को फारवर्ड किया इस संस्तुति के साथ की ये कार्य किया जाए। अब ये एक सरकारी काम है जिसका बजट आपदा राहत कोष से आएगा।

मैंने कई बार इस बात को महसूस किया है कि जोशीजी में सोलानीपुरम में काम करने की इच्छा है पर आखिरी वक्त पर किस्मत दगा दे जाती है। आशा है इस बार ऐसा नही होगा। सोलानीपुरम के लोगों को उनकी क्षमता को पहचान कर उनका सहयोग करना चाहिए।

Thursday, 25 April 2013

सोलानीपुरम मे विकास कार्य व निकाय चुनाव 2013

सोलानीपुरम में चार मुख्य समस्याऐं हैं - सड़क, पीने का पानी, गंदे पानी की निकासी व बिजली।

अगर सड़कों की बात करें तो भला हो नगरपालिका चेयरमैन श्री प्रदीप बतरा व सभासद श्री जे पी शर्मा का जिनके कारण पिछले एक वर्ष में सोलानीपुरम में लगभग सभी खराब सड़कों की जगह नयी सड़कें बन गयी हैं।

पानी की भी समस्या काफी हद तक हल हो गयी है। लगभग 60% सोलानीपुरम में आदर्शनगर ट्यूबवेल से पीने का पानी आ रहा है। यह पानी अत्यंत साफ है तथा इसमे पीलापन भी नही है।

गंदे पानी की निकासी की समस्या अभी भी बरकरार है जिसका समाधान निकट भविष्य मे संभव नही। डीप सीवर लाइन ही इसका एकमात्र समाधान है जो अत्यंत महंगा होने के कारण केवल बड़े प्रोजेक्ट मे ही कवर हो सकता है। सोलानीपुरम का कोई भी नेता इस समस्या को दूर करने की गारंटी नही दे सकता।

बिजली की बात करें शर्माजी के 15 वर्ष के कार्यकाल मे दो 400 केवीए व दो 250 केवीए के ट्रांसफार्मर सोलानीपुरम में लगे हैं। अधिक विद्दुत लोड के कारण फिलहाल अतिरिक्त अस्थायी ट्रांसफार्मर से काम चल रहा है क्योंकि वर्तमान ट्रांसफार्मर सोलानीपुरम (जहाँ हर घर मे काफी विद्दुत लोड है) मे नाकाफी हैं। यह अस्थायी ट्रासफार्मर कब हट जाये, पता नही। सोलानीपुरम के सभी नेताओं व निवासियों को इस समस्या को सुलझाने हेतु मिलकर कार्य करना चाहिये।

गोल कॉलोनी मे शानदार गेट का निर्माण भी जे पी शर्मा व प्रदीप बतरा के प्रयासों से हुआ है। खराब स्ट्रीट लाइटें भी समय-2 पर ठीक होती रहती हैं। बिजली के खंभे भी लगते रहते हैं। कचरे को उठाने के लिये भी प्रत्येक दिन गाड़ी आ रही है।

सोलानीपुरम के विकास कार्यो मे यहाँ के विपक्षी नेताओं की क्या भूमिका है, इस पर भी चर्चा होनी चाहिये।

सोलानीपुरम की विद्दुत समस्या को दूर करने में रमेश चंद जोशी व उनके सहयोगियों ने प्रयास किये है।  वेलफेयर एसोशियन ने विद्दुत कैंप लगवाया तथा दिवाली मेला भी आयोजित किया।

सुशील यादव की भूमिका सोलानीपुरम सुरक्षा समिति के सहयोग से वेस्ट सोलानीपुरम मे पक्का केबिन बनवाने मे रही। सुशील यादव ने हाल ही में सोलानीपुरम में डा. मेहरोत्रा के आई क्यू  का निशुल्क नेत्र जाँच शिविर भी लगवाया। सुशील यादव सोलानीपुरम सुरक्षा समिति के सदस्य भी हैं।

कुल मिलाकर श्री जे पी शर्मा का कार्य अच्छा रहा है।  रमेश चंद जोशी व सुशील यादव युवा हैं, किंतु सोलानीपुरम के विकास हेतु वे क्या कर सकते हैं, यह भविष्य की गर्त मे छुपा है।

कुल मिलाकर सोलानीपुरम मे नगर निगम के पार्षद हेतु त्रिकोणीय मुकाबला है। श्री जे पी शर्मा की पत्नी श्रीमति दया शर्मा, रमेश चंद जोशी की पत्नी श्रीमति दीपा जोशी व सुशील यादव की पत्नी श्रीमति आशा यादव मैदान चुनावी मैदान में हैं। एक नया नाम सामने आया है श्रीमती रानी गुप्ता का। अच्छी बात है, सभी को चुनाव लड़ने का हक है। जिसमे भी सोलानीपुरम में विकास कार्य करने की प्रतिबद्धिता है, यहाँ के निवासी उसका साथ अवश्य देंगे।

सोलानीपुरम की जनता ने अपने पत्ते नही खोले हैं। इसलिये परिणाम के बारे मे कुछ भी नही कहा जा सकता। अधिकांश वोटर अभी किसी भी चुनाव कैंप मे नही जा रहा है। एक बात निश्चित है कि भीड़ व मीडिया हाईप वोट का पैमाना नही है। अत: नेताओं के चुनावी कैंप की भीड़ अथवा अखबार की खबरों को देखकर कोई निष्कर्ष नही निकाला जा सकता।

Thursday, 13 December 2012

सोलानीपुरम में विकास कार्य (भाग 1)

सोलानीपुरम में चार मुख्य समस्याऐं हैं - सड़क, पीने का पानी, गंदे पानी की निकासी व बिजली। अगर सड़कों की बात करें तो भला हो नगरपालिका चेयरमैन श्री प्रदीप बतरा व सभासद श्री जे पी शर्मा का जिनके कारण पिछले एक वर्ष में सोलानीपुरम में लगभग सभी खराब सड़कों की जगह नयी सड़कें बन गयी हैं।

पानी की भी समस्या काफी हद तक हल हो गयी है। लगभग 80% सोलानीपुरम में ट्यूबवेल से पीने का पानी आ रहा है। यह पानी अत्यंत साफ है परंतु प्रेशर बहुत अधिक है जिसमें कारण कुछ लोगों के घर में पाइप के जोड़ खुल गये हैं। जे पी शर्मा के अनुसार शेष 20% भाग मे भी शीघ्र ही ट्यूबवेल का साफ पानी उपलब्ध करा दिया जायेगा, इसके लिये उनका प्रयास चल रहा है।

गंदे पानी की निकासी की समस्या अभी भी बरकरार है जिसका समाधान निकट भविष्य मे संभव नही। डीप सीवर लाइन ही इसका एकमात्र समाधान है जो अत्यंत महंगा होने के कारण केवल बड़े प्रोजेक्ट मे ही कवर हो सकता है।

बिजली की बात करें तो फिलहाल अतिरिक्त अस्थायी ट्रांसफार्मर से काम चल रहा है क्योंकि वर्तमान दो-तीन ट्रांसफार्मर सोलानीपुरम (जहाँ हर घर मे काफी विद्दुत लोड है) मे नाकाफी हैं। यह अस्थायी ट्रासफार्मर कब हट जाये, पता नही। यहाँ के निवासियों को चाहिये कि अपने घर का लोड बढवा लें। कम से कम कागजों पर तो लोड बढे।

गोल कॉलोनी मे शानदार गेट का निर्माण भी जे पी शर्मा व प्रदीप बतरा के प्रयासों से हुआ है। खराब स्ट्रीट लाइटें भी समय-2 पर ठीक होती रहती हैं। कचरे को उठाने के लिये भी प्रत्येक दिन गाड़ी आ रही है।  इसके लिये भी शर्मा जी-बतरा जी को ध्न्यवाद।

कुल मिलाकर मै व्यक्तिगत रूप से शर्माजी के काम से संतुष्ट हूँ। 

Tuesday, 16 October 2012

मेन ट्रांसफार्मर चौराहे पर सूक्ष्म क्रास ड्रेनेज कार्य

सोलानीपुरम में आज रमेश जोशी को ट्रांसफार्मर के पास आर सी सी के दो सीवर पाइप डलवाते हुऐ देखा। प्रत्येक पाइप रु. 700/- का है जिसका खर्च वेलेफेयर ऐसोशियन कर रही है। इससे पहले वहाँ टेलीफोन का पुराना पाइप लगा हुआ था! जोशी जी ने ये भी बताया कि इस मेन ट्रांसफार्मर के पास जिस छोटे से हिस्से को छोड़ दिया गया था उस पर भी सड़क बनेगी ताकि इस छोटे से हिस्से मे पानी न भरे। यह एक अच्छा कदम है।

सोलानीपुरम वेलफेयर ऐसोशियन का यह कदम सराहनीय है, कम से कम गाने बजाने जैसे कार्यक्रमों से तो लाख दर्जे बेहतर है जिनका घृणित राजनैतिक प्रयोग विभिन्न निवासियों को विभिन्न रूपों से उपकृत कर किया जाता है। शायद कोई छुपा हुआ चुनावी ऐजेंडा हो!

Monday, 23 July 2012

सोलानीपुरम मे जंगलराज!

ऐसा लगता है कि कुछ लोगों के स्वार्थ के चलते मेन ट्रांसफार्मर से सिक्का के घर तक की सड़क बन नही पायेगी। नियमानुसार सड़क के दोनो ओर ढाल (Camber) दिया जाता है जिससे बरसात का पानी दोनों ओर की नालियों से निकल जाये। परंतु इस सड़क के एक ओर तो नाली बनी है परंतु दूसरी ओर नाली नही बनी है क्योंकि उस तरफ के कुछ लोग नही चाहते! इनमे से एक तो वे हैं जो अपने को समाज सेवक कहते हैं, परंतु सोलानीपुरम के विकास मे सबसे बड़ी बाधा भी ये महोदय ही हैं! एक व्यक्ति हैं जो कहते हैं कि मेरे मकान के दोनो ओर से नाली नही जायेगी! क्यों भाई, आप वी.आई.पी हैं क्या? आपको क्या सौ खून माफ हैं या दूसरे की शराफत को आप उसकी कमजोरी समझते हैं। कुछ लोग सड़क के नीचे पाइप डालकर सामने की नाली मे डाल रहें हैं। यह सरासर नियम विरुद्ध है। दोष लोगों का भी है। क्यों नही इसकी शिकायत वे एस डी एम से करते?

जोशीजी, कृपया ध्यान दें, सड़क बने या न बने, जब तक नियमानुसार सड़क के दोनो ओर नाली नही बन जाती, कार्य आगे नही बढना चाहिये। आखिर सोलानीपुरम मे पढे लिखे लोग रहते हैं, कोई जंगल राज नही है! सोलानीपुरम वेलफेयर एसोसियेशन को इस बाबत कुछ करना चाहिये। वरना ऐसी समिति का क्या फायदा जो सोलानीपुरम के निवासियों के हक की लडाई भी न लड़ सके। स्थानीय नेताओं को भी अपने स्तर पर प्रयास करने चाहियें क्योंकि यह मेन सड़क का मामला है। सभासद महोदय, आप भी इस समस्या को हल करने मे अपना योगदान करें।

Wednesday, 13 June 2012

छत से बहते परनाले!

यह दृश्य 5 जून 2012 को हुयी बारिश का है। सोलानीपुरम स्थित एक मकान की छत से सारा पानी सड़क पर गिर रहा है जिससे न सिर्फ नयी बनी सड़क पर गढ्ढे होने का खतरा है, साथ ही आने जाने वालों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। (गिरते पानी को व छत से निकले पाइपों को लाल लाइन से दिखाया गया है)। यह दृश्य तब का है जब बारिश काफी कम हो गयी थी। तेज बारिश मे क्या होता होगा - आप समझ सकते हैं। तेज बारिश का अपडेट फिर कभी!

ये जानलेवा गढ्ढा

ट्रांसफार्मर के पास चौराहे पर बना एक जानलेवा गढ्ढा

यह गढ्ढा कल ही दो लोगो को जख्मी कर चुका है - एक वृद्ध  रिक्शा चालक व उसमे बैठी एक वृद्ध महिला।
है कोई सुध लेने वाला!

Tuesday, 10 April 2012

सोलानीएपुरम के सभी सड़कें व स्ट्रीट लाइट ठीक होंगी - जे पी शर्मा

हाल ही में एक मुलाकात मे श्री जे पी शर्मा जी ने बताया कि एक हफ्ते के अंदर सोलानीपुरम की सभी खराब सड़कों को तोड़कर नयी सड़के बनायी जायेंगी तथा सभी खराब स्ट्रीट लाइट ठीक करवा दी जायेंगी।
सोलानीपुरम स्थित गोल कॉलोनी में सड़क से मलबा हटाती जेसीबी
गोल कॉलोनी मे तो अपने वायदे के अनुसार शर्मा जी ने गेट लगवा दिया है। गेट भारी व सुंदर बन पड़ा है।  इस कार्य के लिये उन्हें तथा प्रदीप बतरा जी को धन्यवाद। अब इस गेट को मैनेज करना वेस्ट सोलानीपुरम समिति का काम है। रात को एक चौकिदार को इस गेट पर रहना चाहिये। कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि हाँ, अब सोलानीपुरम मे अब काम हो रहा है।

Monday, 19 March 2012

सोलानीपुरम मे खराब सड़कों का पुनरुद्धार

प्रदीप बत्रा के विधायक बनते ही सोलानीपुरम मे खराब सड़कों का पुनरुद्धार आरंभ हो गया है। जे पी शर्मा जी ने बताया कि सोलानीपुरम की सभी खराब सड़के पूरी तरह से तोड़कर नवनिर्मित की जायेंगी। इस कार्य हेतु जे सी बी मशीन का प्रयोग हो रहा है। शर्मा जी ने बताया कि उत्तम गुणवत्ता का मैटिरियल प्रयोग किया जायेगा। इस कार्य के लिये श्री प्रदीप बत्रा व जे पी शर्मा को साधुवाद।

वैसे सोलानीपुरम के निवासियों के एक तारीफ है कि अत्यंत खराब सड़कों पर ही चलते रहे लेकिन कभी उफ तक नही की! कभी संबंधित विभागों मे शिकायत नही की। कभी जनप्रतिनिधियों पर दबाव नही बनाया। धन्य है ऐसी उदासीन जनता! ऐसे उदासीन क्षेत्र मे काम न करने वाले नेताओं के मजे हैं - काम करों या न करों कोई फर्क नही पड़ता। वोट तो जाति व धर्म के आधार पर मिल ही जानी है।

कुछ ऐसे भी महानुभाव हैं जो कोई भी अच्छा कार्य आरंभ होने पर (जैसे सड़क निर्माण) मौके पर लड़ने पहुँच जाते हैं। ऐसे लोगों को मेरा सलाम! इन्हे निश्चय ही वीरता पुरस्कार मिलना चाहिये। जब कुछ भी अच्छा न हो रहा हो तब चुप रहो, परंतु किसी भी अच्छे कार्य मे टांग खिंचाई अवश्य करो। ऐसे ही लोगों के कारण सोलानीपुरम राजनीति, गंदगी व खराब सड़को के लिये बदनाम है।

यूँ तो सोलानीपुरम में कई समितियाँ हैं (क्योंकि यहाँ नेताओं की कमी नही है) परंतु इनका मुख्य उद्देश्य निवासियों को दिगभ्रमित करना है, मूर्ख बनाना है। सोलानीपुरम के विकास से इनका दूर - 2 तक नाता नही है। एक दूसरे को नीचा दिखाना ही इनका एकमात्र उद्देश्य है। उसकी कमीज मेरी कमीज से सफेद क्यों - शायद यही मूल कारण है। सिर्फ वेस्ट सोलानीपुरम सुरक्षा समिति ही कुछ कार्य करती दिख रही है।
और अंत में: जे पी शर्मा ने यह भी बताया कि सोलानीपुरम स्थित गोल कॉलोनी मे शीघ्र ही शानदार गेट लगवाया जायेगा। उनके अनुसार अब तक रुड़की में ऐसा खूबसूरत गेट आज तक नही लगा है। वो तो इस प्रतीक्षित ग़ेट की तुलना राष्ट्रपति भवन के गेट से कर रहें हैं। ईश्वर करें ऐसा ही हो।

Friday, 16 September 2011

जे पी शर्मा ने दी सोलानीपुरम में आगामी विकास कार्यों की जानकारी

सोलानीपुरम मे विकास कार्यों के बारे मे मैने श्री जे पी शर्मा से बातचीत की। उन्होने बताया कि सोलानीपुरम मे अतिशीघ्र विकास कार्यो की बौछार होने वाली है।

निम्नलिखित कार्य जल्दी ही आरंभ होने वाले हैं:
  • जल वितरण हेतु पाइप लाइन डलने वाली है। पाइप आने आरंभ हो गये हैं जो नये बने ट्यूबवेल के पास पड़े हैं। मैने वह जगह खुद जाकर देखी। बात तो सच है परंतु सोलानीपुरम जैसी बड़ी कॉलोनी के लिये ये पाइप संख्या मे कम हैं। देखने मे ऐसा भी लग रहा है जैसे ये पाइप यहाँ काफी समय से पड़े हों। जंग भी नजर आ रहा है। खैर देखते हैं कि सोलानीपुरम मे जल वितरण कब से आरंभ होगा!
  • बिजली के छ:  खंभे आ चुके हैं जो निर्धारित जगहों पर लगाये जायेंगे।
  • प्रेमकुंज मे सड़क का कार्य आरंभ होने वाला है। सोलानीपुरम मे भी शीघ्र आरंभ होगा। (यहाँ के निवासियों को यह सुनिश्चित करना चाहिये कि जल वितरण हेतु पाइप पड़ने के बाद ही सड़क बने।) 
  • सोलानीपुरम वेस्ट मे गेट निर्माण तीव्र गति चल रहा है। इस कार्य का श्रेय वेस्ट सोलानीपुरम सुरक्षा समिति को भी जाता है। जिन्होने शर्माजी से इस कार्य के लिये निवेदन किया था।
  • बिजली के तार चेंज होने वाले हैं, इनके स्थान पर इंसुलेट्ड तार लगाये जाऐंगे।
जे पी शर्मा का यह कहना है कि सभी निर्माण सामग्री अत्य़ंत उच्च क्वालिटी की है, कोई भी निवासी इसे चैक कर सकता है।

उन्होने यह भी बताया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर कोई भी निवासी कभी भी निगरानी रख सकता है।

वैसे कुछ हद तक उनकी बात सही है क्योकि वेस्ट सोलानीपुरम मे बनने वाले गेट मे अच्छी सामग्री प्रयोग हो रही है। जे पी का सीमेंट लग रहा है। प्रेम कुंज का गेट भी अच्छा बना है, कॉलम के चारों ओर ब्लैक मार्बल लगा है।

Saturday, 16 July 2011

सोलानीपुरम की बदहाल मुख्य सड़क

सोलानीपुरम की मुख्य सड़क (गेट से ट्रांसफार्मर तक) संकीर्ण एवं टूटी फूटी है, जिसके कारण अक्सर यातायात बाधित हो जाता है एवं बरसात मे यह सड़क तालाब मे तब्दील हो जाती है। इस सड़क पर नये मकानों के रैंप सड़क पर आने से स्थिति और गंभीर हो गयी है। अब यह सड़क एक संकरी गली बनाया गयी है।

बरसात के दिनों मे मुख्य सड़क पर भरा पानी

श्री जे पी शर्मा को तुरंत यह समस्या संज्ञान मे लेनी चाहिये तथा मुख्य सड़क को पूरी तरह से तुडवाकर यहाँ नयी सड़क बनवानी चाहिये बिना उन समितियों की परवाह किये जिनका काम राजनैतिक अथवा अन्य संकीर्ण उद्देश्यों से विकास कार्य को बाधित करना है।

इस सड़क पर एक लावारिस टेलिफोन का खंभा भी खड़ा है जो यातायात को बखूबी बाधित करता है। इस बाबत फिलहाल मरणासन्न पड़ी सोलानीपुरम वेलफेयर ऐसोशियेशन को बी एस एन एल को एक पत्र लिखना चाहिये।

सोलानीपुरम की आलीशान मुख्य सड़क एवं लावारिस खड़ा खंभा

सोलानीपुरम के निवासियों को भी चाहिये कि अपने ईगो को घर मे रखकर अपनी कॉलोनी के विकास लिये कुछ समय निकालें एवं सभासद एवं नगरपालिका चेयरमैन से मिलकर इस समस्या से उन्हें अवगत करायें। कोई बाहर वाला आकर इस काम को नही करेगा। बिना मरे स्वर्ग नही मिलता माई डियर!

Tuesday, 14 June 2011

ट्रांसफार्मर से आदर्श नगर जाने वाले रास्ते पर मिट्टी/मलबे की भराई

मानसून आने वाला है। आपको पिछले वर्ष हुई जुलाई माह की बारिश तो याद होगी। एक दिन तो सोलानीपुरम मे भयंकर जल भराव हो गया था। सबसे ज्यादा परेशानी ट्रांसफार्मर से आदर्श नगर जाने वाले लोगों को हुयी थी।


पिछले वर्ष बारिश के कारण ट्रांसफार्मर से आदर्श नगर जाने वाले रास्ते पर भरा पानी 

 
क्योंकि बीच का मार्ग डिस्प्यूटड है अत: इसपर पक्की सड़क नही बनाया सकती है। यही कारण है कि बरसात मे इस सड़क पर कीचड हो जाती है तथा पानी भर जाता है जिस कारण आने जाने वाले लोगों को अत्यंत परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इस बार जे पी शर्मा जी ने इस समस्या का समय पर संज्ञान लेकर इस सड़क पर मिट्टी मलबा इत्यादि डलवा दिया है जिससे कम से कम औसत बरसात मे पानी न भरे। यहाँ ब्लाग लेखक शर्मा जी को इस कार्य के लिये धन्यवाद देता है।