Showing posts with label Security. Show all posts
Showing posts with label Security. Show all posts

Sunday, 20 March 2016

सोलानीपुरम में साईकल चोरों का गिरोह सक्रिय

ऐसा लगता है कि सोलानीपुरम में चोरों का गिरोह सक्रिय हो गया है। आज हमारे पड़ोसी प्रेम वर्माजी के किराएदार के भांजे अमान की साइकल चोरी हो गयी। हॉलाकि ये चोरी की घटना cctv कैमरे में कैद हो गयी है पर इससे साइकल तो वापिस मिलने से रही पर एक सबक जरूर मिलता है कि अपने वाहन को घर के गेट के अंदर ही खड़ा करें।

नीचे दिए गए वीडियो में आप देखेंगे कि कैसे धीरे-2 सतर्कता के साथ चोर आगे बढ़ा और साइकल चुराकर नौ दो ग्यारह हो गया।
चोर साईकल ले जाते हुए


 साईकल की चोरी से पहले चोर की बॉडी लैंग्वेज
चोर कि बॉडी लैंग्वेज देखकर लगता है कि ये कोई ड्रैग एडिक्ट है जो अपने खर्चे पूरे करने की लिए चोरियां करता है। ये कोई प्रोफेशनल चोर के गिरोह का सदस्य भी हो सकता है जो घर के बाहर खड़े वाहनों पर निगाह रखते हैं ताकि मौक़ा मिलने पर चोरी कर सकें।

नीचे इसी वीडियो से लिए गए कुछ स्नैपशॉट दिए गए हैं।






कुल मिलाकर सबक ये मिलता है कि अपने वाहन घर के अंदर ही खड़े करें और अगर कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो उससे पूछताछ अवश्य करें।

Friday, 31 October 2014

सोलानीपुरम में चोरियों की बरसात!

आजकल सोलानीपुरम में फिर से चोरी की घटनाऐ  बढ़ रही हैं। अभी हाल ही में दो चोरियाँ  सोलानीपुरम में हुयी हैं। एक ईस्ट सोलानीपुरम में पंकज जिंदल के घर में जो रात में 8  से 9  बजे के बीच हुयी है तथा दूसरी वेस्ट सोलानीपुरम में जो रमेश चौधरी के घर  में दिन में 2  से 3  बजे के मध्य हुयी है। दोनों चोरियों में मोडस आपरेंडी  एक ही था - गैस कटर से ताला काटना फिर चोरी  करना। सोलानीपुरम में चोरियाँ  अक्सर होती रहती है पर लोग फिर भी सबक नहीं लेते। कुछ लोग तो इतने सयाने हैं की रात के चौकीदार के 6 0 /- रुपये भी नहीं देते है! लानत है ऐसे लोगो पर।

भविष्य में चोरियों को सावधानी बरत  के रोका जा सकता है। जिन घरो में चोरी की ज्यादा संभावना है (जैसे घर के सभी लोगो का दिन में बाहर रहना), वे लोग अपने घर में CCTV कैमरा लगवा सकते है।  इस कैमरे से चोरी की संभावना कम हो जाती है साथ ही अगर फिर भी चोरी हो जाती है तो कम से कम वीडियो फुटेज तो मिल ही जाता है। अब तो रुड़की में भी ये कैमरे कम रेट पर उपलब्ध हैं । कैमरा जब भी ले  नाइटविजन के साथ ले। दिन का चौकीदार भी रखा जा सकता है, अगर सभी राजी हो तो। वैसे सोलानीपुरम के ट्रैक रिकार्ड को देखकर, इसकी संभावना कम ही लगती है! घर में किसी न किसी को हर समय रहना चाहिए। और कुछ नहीं तो विश्वसनीय किरायेदार तो  रख ही सकते हैं। पड़ोसी से मधुर सम्बन्ध रखें ।

सोलानीपुरम में आजकल बाहर के लोग बहुत आ रहे हैं जैसे कबाड़ीवाला, सब्जीवाला, आइसक्रीम वाला , चाईनीज फ़ूड वाला इत्यादि।  ये लोग सोलानीपुरम की रेकी कर सकते है और चोरो को टिप दे सकते है।  ऐसे लोगो के आने-जाने पर या तो पाबंदी होनी चाहिए या इनके पास बनने चाहिए या ये लोग सिर्फ रविवार के दिन ही आये, ऐसी व्यवस्था हो।

कुल मिलाकर सोलानीपुरम के लोगो को मिलजुलकर इस समस्या का हल निकालना है, बिना किसी राजनीति के! विभिन्न वेबसाइटों पर भी घर की सुरक्षा सम्बन्धी सुझाव मिल सकते है। इस लिक को ट्राई करें। 

Monday, 7 October 2013

सोलानीपुरम में चोरी - दूसरा चोर भी पकड़ा गया

आजकल सोलानीपुरम में छोटी बड़ी सभी प्रकार की चोरियाँ हो रही हैं। अभी कुछ दिनों पहले एक चोर पकड़ा गया था। आज फिर एक चोर पकड़ा गया है। यह चोर भी कबाड़ी बनकर सुबह -2  अंधेरे मे चोरी करता था। इस चोर की भी सुशील यादव, शैलेन्द्र माहेश्वरी इत्यादि ने अच्छी खबर ली (एक वीडियो)। इस नाचीज अहिंसावादी ब्लाग लेखक ने भी एक दो थप्पड़ जड़ दिये।




यह कबाड़ी मेनहोल ढक्कन चुराकर मात्र 100/- रुपये मे डबल फाटक के एक कबाड़ी को बेच देता था! इस चोर ने सोलानीपुरम स्थित गोल कॉलोनी से अब तक 7 मेनहोल के ढक्कनों की चोरी की है।

सोलानीपुरम के लोगों को सावधान रहने की आवश्यक्ता है, ये चोर विभिन्न रूपों मे आते हैं । फेस्टिव सीजन मे ये चोरियाँ बढ जाती हैं।

Wednesday, 2 October 2013

आखिर पकड़ा ही गया सोलानीपुरम मे हो रही चोरियों का चोर

हाल ही में सोलानीपुरम में हो रही विभिन्न चोरियों का चोर जो एक कबाड़ी है, पकड़ा गया है। यह चोर आदर्शनगर व प्रेमकुंज मे भी सक्रिय था, वहाँ पर इसने कई चोरियाँ की हैं।  इस चोर ने संजय द्विवेदी के दुकान के गल्ले से 25,000 की चोरी की (दुकान के अंदर पीछे से जाने वाले दरवाजे का ताला तोड़कर)।  इस चोर को पकड़वाने मे सोलानीपुरम (वेस्ट) के शिवम बंसल तथा प्रेमकुंज के संजय द्विवेदी, प्रेमकुंज के कुछ निवासियों तथा इस ब्लाग में दिये गये इस चोर की चोरी के एक वीडियों का योगदान रहा। यह ब्लाग को पढने के लिये यहाँ क्लिक करें।

सोलानीपुरम (वेस्ट) की सुरक्षा समिति के चौकिदार का समय सुबह 6 बजे तक करने का भी फायदा हुआ। उसी ने उस कबाड़ी को आई आई टी की तरफ जाते देखा था, बाद मे शिवम बंसल ने उस चौकिदार की मदद से उस चोर को ढूँढा, पर वह आई आई टी मे नही मिला, वह मिला प्रेमकुंज में। जहाँ प्रेमकुंज निवासियों ने उस चोर की तबियत से धुनाई की। तथा चेतक पुलिस को फोन कर दिया गया, जो फौरन आ गयी तथा उस चोर को पकड़कर पुलिस थाने ले गयी।

लेकिन चोरी का खतरा अभी टला नही है, क्योंकि इस प्रकार के कई कबाड़ी आजकल सोलानीपुरम में आ रहे हैं, ये भी इस गैंग का हिस्सा हो सकते हैं। ये कबाड़ी अक्सर रिक्शा मे एक बड़ा सा सफेद झोला लेकर आते हैं। अक्सर ये सुबह 5 से 6 बजे के बीच आते हैं।

सोलानीपुरम निवासियों की "मुझे इससे क्या.."  सोच भी इन चोरियों को जन्म दे रही है। कुछ लोग तो इतने महान हैं कि उनके घर के सीवर के ढक्कन यह चोर ले गया पर इन्होने आज तक बाहर आकर भी नही देखा! ऐसा लगता है कि ये लोग समाज मे नही, किसी जंगल की कुटिया मे सन्यास लेकर रह रहे हैं, जहाँ किसी प्रकार की घटना का इनपर कोई प्रभाव नही पड़ता है।

सोलानीपुरम की नयी पार्षद आशा यादव ने उन लोगों से मिलने की भी जरुरत नही समझी जिनके यह चोरी (छोटी हे सही) हुयी है! यह उदासीनता समाज के हित मे नही है।

Saturday, 28 September 2013

वेस्ट सोलानीपुरम में मेनहोल कवर की चोरी - एक वीडियो

वैसे तो सोलानीपुरम में चोरियाँ होती रहती हैं पर कुछ दिनों से वेस्ट सोलानीपुरम की गोल कॉलोनी मे मेनहोल के ढक्कनों की चोरियाँ हो रही हैं। एक महीने मे अब तक लगभग 7 ऐसे मेनहोल कवर चोरी हो चुके हैं। सितंबर 28 की सुबह 5:15 से 5:20 के मध्य दो मेनहोल कवर की चोरी को जे पी जैन जी के यहाँ लगे सीसीटीवी कैमरे ने रेकार्ड कर लिया। इस वीडियो को देखने के लिये यहाँ क्लिक करें।

जिस वक्त यह चोरी हो रही ठीक उस वक्त घना अंधेरा था तथा स्ट्रीट लाइट हमेशा की तरह खराब थी।  क्य़ोंकि कैमरा नाइट विजन था इस कारण घुप्प अंधेरे मे भी यह वीडियो रेकार्ड हो गया। अंधेरे के कारण यह वीडियो ब्लैक एंड व्हाइट है (नाइट विजन कैमरे में अंधेरे का वीडियो ब्लैक एंड व्हाइट मे आता है)।

नीचे इस चोरी की कुछ तस्वीरे दी गयी है:





यूँ तो सोलानीपुरम (वेस्ट) मे सुरक्षा समिति है पर आजकल इसका कार्य ठीक नही चल रहा है। चौकिदार सुबह 5 बजे चला जाता है। समिति को कई बार इस बाबत सुझाव भी दिया गया कि यह समय सुबह 6 बजे तक होना चाहिये, पर इस सुझाव पर ध्यान नही दिया गया। कुछ लोगों का कहना है कि गेट भी नियत समय यानि रात्रि के 12 बजे बंद नही हो रहा है - लेट बन्द होता है। जिन लोगों के घर के बाहर यह चोरियाँ हुँयी, उन लोगों से बात करने की जरुरत भी इस समिति ने नही समझी। कुल मिलाकर सुरक्षा समिति को अपना मैनजमेंट दुरुस्त करने की जरुरत है। इन चोरियों पर समिति को अपना स्टैंड भी स्पष्ट करना चाहिये।

Monday, 9 September 2013

सोलानीपुरम में बन्दर का आतंक

आजकल सोलानीपुरम में एक बन्दर ने आतंक मचा रखा है। घरों के अंदर घुसकर फ्रिज खोलकर सारा सामान बिखेर देना, कैसरोल खोल लेना, गेटलैम्प का तोड़ देना इसके प्रिय करतब हैं। दरवाजे के स्टापर को भी यह बंदर खोल लेता है। इस बन्दर की वजह से आप छत पर कुछ भी खाने पीने का सामान नही रख सकते। भगाने की कोशिश करने पर, यह बंदर घुड़की देता है। वैसे भी इस बन्दर को सोलानीपुरम का पानी लग चुका है, बहुत मोटा व चालाक हो गया है!



कुछ लोग इस बंदर को शह भी दे रहें हैं - खाना पीना देकर। यह ठीक नही है। धीरे धीरे इस बंदर का ग्रुप बन सकता है जो नाक में  दम कर देगा। बेहतर हो इस बंदर को सोलानीपुरम से शीघ्र ही बाहर निकालने का इंतजाम हो अन्यथा मासिक शुल्क पर मदारी को रखना पड़ सकता है जो लंगूर लेकर आयेगा, भविष्य के बन्दर ग्रुप को भगाने के लिए।

सोलानीपुरम में पार्षद आशा यादव, पूर्व सभासद जे पी शर्मा, रमेश चन्द जोशी, सोलानीपुरम वेलफेयर एसोशियन व् सोलानीपुरम जन कल्याण समिति इस दिशा में कुछ कर सकते हैं। वन विभाग को पत्र लिखना भी एक समाधान हो सकता है पर कितना कारगर होगा पता नही। किसी मदारी से भी बात की जा सकती है।

सोलानीपुरम में पहले से ही आवारा कुत्तों के ग्रुप व खुली घूम रही गाय-भैंसों की फौज है, अब बंदरों का ग्रुप भी बनने जा रहा है। जय हो। सोलानीपुरम में सबका स्वागत है।
"We are just an advanced breed of monkeys on a minor planet of a very average star. But we can understand the Universe. That makes us something very special."
Stephen Hawking
      

Thursday, 25 April 2013

सोलानीपुरम मे विकास कार्य व निकाय चुनाव 2013

सोलानीपुरम में चार मुख्य समस्याऐं हैं - सड़क, पीने का पानी, गंदे पानी की निकासी व बिजली।

अगर सड़कों की बात करें तो भला हो नगरपालिका चेयरमैन श्री प्रदीप बतरा व सभासद श्री जे पी शर्मा का जिनके कारण पिछले एक वर्ष में सोलानीपुरम में लगभग सभी खराब सड़कों की जगह नयी सड़कें बन गयी हैं।

पानी की भी समस्या काफी हद तक हल हो गयी है। लगभग 60% सोलानीपुरम में आदर्शनगर ट्यूबवेल से पीने का पानी आ रहा है। यह पानी अत्यंत साफ है तथा इसमे पीलापन भी नही है।

गंदे पानी की निकासी की समस्या अभी भी बरकरार है जिसका समाधान निकट भविष्य मे संभव नही। डीप सीवर लाइन ही इसका एकमात्र समाधान है जो अत्यंत महंगा होने के कारण केवल बड़े प्रोजेक्ट मे ही कवर हो सकता है। सोलानीपुरम का कोई भी नेता इस समस्या को दूर करने की गारंटी नही दे सकता।

बिजली की बात करें शर्माजी के 15 वर्ष के कार्यकाल मे दो 400 केवीए व दो 250 केवीए के ट्रांसफार्मर सोलानीपुरम में लगे हैं। अधिक विद्दुत लोड के कारण फिलहाल अतिरिक्त अस्थायी ट्रांसफार्मर से काम चल रहा है क्योंकि वर्तमान ट्रांसफार्मर सोलानीपुरम (जहाँ हर घर मे काफी विद्दुत लोड है) मे नाकाफी हैं। यह अस्थायी ट्रासफार्मर कब हट जाये, पता नही। सोलानीपुरम के सभी नेताओं व निवासियों को इस समस्या को सुलझाने हेतु मिलकर कार्य करना चाहिये।

गोल कॉलोनी मे शानदार गेट का निर्माण भी जे पी शर्मा व प्रदीप बतरा के प्रयासों से हुआ है। खराब स्ट्रीट लाइटें भी समय-2 पर ठीक होती रहती हैं। बिजली के खंभे भी लगते रहते हैं। कचरे को उठाने के लिये भी प्रत्येक दिन गाड़ी आ रही है।

सोलानीपुरम के विकास कार्यो मे यहाँ के विपक्षी नेताओं की क्या भूमिका है, इस पर भी चर्चा होनी चाहिये।

सोलानीपुरम की विद्दुत समस्या को दूर करने में रमेश चंद जोशी व उनके सहयोगियों ने प्रयास किये है।  वेलफेयर एसोशियन ने विद्दुत कैंप लगवाया तथा दिवाली मेला भी आयोजित किया।

सुशील यादव की भूमिका सोलानीपुरम सुरक्षा समिति के सहयोग से वेस्ट सोलानीपुरम मे पक्का केबिन बनवाने मे रही। सुशील यादव ने हाल ही में सोलानीपुरम में डा. मेहरोत्रा के आई क्यू  का निशुल्क नेत्र जाँच शिविर भी लगवाया। सुशील यादव सोलानीपुरम सुरक्षा समिति के सदस्य भी हैं।

कुल मिलाकर श्री जे पी शर्मा का कार्य अच्छा रहा है।  रमेश चंद जोशी व सुशील यादव युवा हैं, किंतु सोलानीपुरम के विकास हेतु वे क्या कर सकते हैं, यह भविष्य की गर्त मे छुपा है।

कुल मिलाकर सोलानीपुरम मे नगर निगम के पार्षद हेतु त्रिकोणीय मुकाबला है। श्री जे पी शर्मा की पत्नी श्रीमति दया शर्मा, रमेश चंद जोशी की पत्नी श्रीमति दीपा जोशी व सुशील यादव की पत्नी श्रीमति आशा यादव मैदान चुनावी मैदान में हैं। एक नया नाम सामने आया है श्रीमती रानी गुप्ता का। अच्छी बात है, सभी को चुनाव लड़ने का हक है। जिसमे भी सोलानीपुरम में विकास कार्य करने की प्रतिबद्धिता है, यहाँ के निवासी उसका साथ अवश्य देंगे।

सोलानीपुरम की जनता ने अपने पत्ते नही खोले हैं। इसलिये परिणाम के बारे मे कुछ भी नही कहा जा सकता। अधिकांश वोटर अभी किसी भी चुनाव कैंप मे नही जा रहा है। एक बात निश्चित है कि भीड़ व मीडिया हाईप वोट का पैमाना नही है। अत: नेताओं के चुनावी कैंप की भीड़ अथवा अखबार की खबरों को देखकर कोई निष्कर्ष नही निकाला जा सकता।

Tuesday, 29 January 2013

सोलानीपुरम में विकास कार्य (भाग 2)

सोलानीपुरम में विकास कार्य (भाग 1) मे मैने सोलानीपुरम के सभासद श्री जे पी शर्मा द्वारा किये जा रहे विकास कार्यों के बारे में लिखा था।

सोलानीपुरम के विकास कार्यो मे यहाँ के विपक्षी नेताओं की क्या भूमिका है, इस पर भी चर्चा होनी चाहिये। इस संदर्भ मे प्रमुख विपक्षी नेता रमेश चंद जोशी से फोन पर बात हुयी।

जोशी जी ने बताया कि निम्नलिखित कार्यो मे उनकी मुख्य भूमिका रही:
  • सोलानीपुरम मे 4000 मीटर बिजली के तार का बिछाया जाना
  • तीन ट्रांसफार्मर अनुमोदित: 63, 100 व 250 केवीए (पूर्वी सोलानीपुरम व सोलानीपुरम-प्रेमकुंज बार्डर मे लगेंगे)
  • 12 बिजली के खंभे
  • विद्दुत लोड बढवाने मे रु. 4000/- के सरचार्ज की समाप्त
जोशी जी ने बताया कि वो इन कार्यों को कराने के लिये सोलानीपुरम वेलफेयर एसोसियेशन के प्रतिनिधियों सर्वश्री डी वी सिंह, योगेश गोयल व संजीव सैनी के साथ देहरादून जाकर UPCL के सी एम डी से मिले तथा उनको सोलानीपुरम के विद्दुत संकट के बारे मे बताया। सी एम डी महोदय ने एक वरिष्ठ अभियंता श्री अतुल अग्रवाल को सोलानीपुरम का जायजा लेने भेजा। विद्दुत समस्या की गंभीरता को देखते हुए उन्होने तत्काल उपरोक्त कार्य स्वीकृत कर दिये। इस संपूर्ण प्रक्रिया मे हरीश रावत जी का सतत सहयोग मिला। 250 केवीऐ के ट्रांसफार्मर को रखने के लिये कंक्रीट की स्लैब को भी विधायक महोदय ने स्वीकृति दे दी है। जोशी जी को उनके इस प्रयास के लिये धन्यवाद।

सुशील यादव व राजन गोयल की भूमिका सोलानीपुरम सुरक्षा समिति के सहयोग से वेस्ट सोलानीपुरम मे पक्का केबिन बनवाने मे रही। सुशील यादव ने हाल ही में सोलानीपुरम में डा. मेहरोत्रा के आई क्यू  का निशुल्क नेत्र जाँच शिविर भी लगवाया।

सोलानीपुरम वेलफेयर एसोशियन के अध्यक्ष योगेश गोयल ने विद्दुत विभाग मे एक आर टी आई डाली थी, जिसमे ये जानकारी मांगी गयी थी कि विदुत भार बढ्वाते समय रु 4000/- का सरचार्ज किस नियम के तहत लिया जा रहा है। शायद विद्दुत सरचार्ज के समाप्त होने में कही न कही इस आर टी आई का भी कुछ योगदान तो होगा।

वेलफेयर एसोशियन ने विद्दुत कैंप लगवाया तथा दिवाली मेला भी आयोजित किया। दिवाली मेला अच्छा था।

अन्य नेता लोग क्या कर रहे हैं, पता नही। कुछ का तो ये भी पता नही चलता कि वे नेतागिरी कर रहे हैं या समाज सेवा या कुछ ऐसा कि उन्हें खुद पता नही!

Friday, 2 November 2012

गोल कॉलोनी में सिक्युरिटी गार्ड के लिये बन रहा पक्का केबिन

यह हर्ष का विषय है कि सोलानीपुरम की गोल कॉलोनी में चौकिदार के लिये वेस्ट सोलानीपुरम सुरक्षा समिति द्वारा पक्का केबिन बनवाया जा रहा है। इस केबिन का साइज 3' x 4' होगा जो उचित ही जान पड़ता है। इस केबिन की छत ढालू होगी। समिति के सदस्य सुशील यादव ने बताया कि इस कार्य हेतु आर्थिक योगदान समिति के सभी सदस्य देंगे(फिलहाल प्रत्येक सदस्य रु. 1000/- देगा)। कुछ अतिरिक्त भार गोल कॉलोनी के निवासियों को भी उठाना पड़ सकता है। श्री अशोक गोयल व राजन गोयल ने बताया कि चौकिदार को तमाम जरूरी सुविधाऐं प्रदान की जाऐंगी, यह अच्छी बात है।

इससे पूर्व सभासद जे पी शर्मा ने यहाँ शानदार गेट का निर्माण करवाया जो इस कैम्पस की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

वैसे यह सुरक्षा समिति अच्छा कार्य कर रही है, चौकिदार भी नियत समय पर आता है। यहाँ के निवासी (कुछ को छोड़कर) समय पर अंशदान (subscription) दे रहें हैं।

Tuesday, 10 April 2012

सोलानीएपुरम के सभी सड़कें व स्ट्रीट लाइट ठीक होंगी - जे पी शर्मा

हाल ही में एक मुलाकात मे श्री जे पी शर्मा जी ने बताया कि एक हफ्ते के अंदर सोलानीपुरम की सभी खराब सड़कों को तोड़कर नयी सड़के बनायी जायेंगी तथा सभी खराब स्ट्रीट लाइट ठीक करवा दी जायेंगी।
सोलानीपुरम स्थित गोल कॉलोनी में सड़क से मलबा हटाती जेसीबी
गोल कॉलोनी मे तो अपने वायदे के अनुसार शर्मा जी ने गेट लगवा दिया है। गेट भारी व सुंदर बन पड़ा है।  इस कार्य के लिये उन्हें तथा प्रदीप बतरा जी को धन्यवाद। अब इस गेट को मैनेज करना वेस्ट सोलानीपुरम समिति का काम है। रात को एक चौकिदार को इस गेट पर रहना चाहिये। कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि हाँ, अब सोलानीपुरम मे अब काम हो रहा है।

Monday, 19 March 2012

सोलानीपुरम मे खराब सड़कों का पुनरुद्धार

प्रदीप बत्रा के विधायक बनते ही सोलानीपुरम मे खराब सड़कों का पुनरुद्धार आरंभ हो गया है। जे पी शर्मा जी ने बताया कि सोलानीपुरम की सभी खराब सड़के पूरी तरह से तोड़कर नवनिर्मित की जायेंगी। इस कार्य हेतु जे सी बी मशीन का प्रयोग हो रहा है। शर्मा जी ने बताया कि उत्तम गुणवत्ता का मैटिरियल प्रयोग किया जायेगा। इस कार्य के लिये श्री प्रदीप बत्रा व जे पी शर्मा को साधुवाद।

वैसे सोलानीपुरम के निवासियों के एक तारीफ है कि अत्यंत खराब सड़कों पर ही चलते रहे लेकिन कभी उफ तक नही की! कभी संबंधित विभागों मे शिकायत नही की। कभी जनप्रतिनिधियों पर दबाव नही बनाया। धन्य है ऐसी उदासीन जनता! ऐसे उदासीन क्षेत्र मे काम न करने वाले नेताओं के मजे हैं - काम करों या न करों कोई फर्क नही पड़ता। वोट तो जाति व धर्म के आधार पर मिल ही जानी है।

कुछ ऐसे भी महानुभाव हैं जो कोई भी अच्छा कार्य आरंभ होने पर (जैसे सड़क निर्माण) मौके पर लड़ने पहुँच जाते हैं। ऐसे लोगों को मेरा सलाम! इन्हे निश्चय ही वीरता पुरस्कार मिलना चाहिये। जब कुछ भी अच्छा न हो रहा हो तब चुप रहो, परंतु किसी भी अच्छे कार्य मे टांग खिंचाई अवश्य करो। ऐसे ही लोगों के कारण सोलानीपुरम राजनीति, गंदगी व खराब सड़को के लिये बदनाम है।

यूँ तो सोलानीपुरम में कई समितियाँ हैं (क्योंकि यहाँ नेताओं की कमी नही है) परंतु इनका मुख्य उद्देश्य निवासियों को दिगभ्रमित करना है, मूर्ख बनाना है। सोलानीपुरम के विकास से इनका दूर - 2 तक नाता नही है। एक दूसरे को नीचा दिखाना ही इनका एकमात्र उद्देश्य है। उसकी कमीज मेरी कमीज से सफेद क्यों - शायद यही मूल कारण है। सिर्फ वेस्ट सोलानीपुरम सुरक्षा समिति ही कुछ कार्य करती दिख रही है।
और अंत में: जे पी शर्मा ने यह भी बताया कि सोलानीपुरम स्थित गोल कॉलोनी मे शीघ्र ही शानदार गेट लगवाया जायेगा। उनके अनुसार अब तक रुड़की में ऐसा खूबसूरत गेट आज तक नही लगा है। वो तो इस प्रतीक्षित ग़ेट की तुलना राष्ट्रपति भवन के गेट से कर रहें हैं। ईश्वर करें ऐसा ही हो।

Friday, 16 September 2011

जे पी शर्मा ने दी सोलानीपुरम में आगामी विकास कार्यों की जानकारी

सोलानीपुरम मे विकास कार्यों के बारे मे मैने श्री जे पी शर्मा से बातचीत की। उन्होने बताया कि सोलानीपुरम मे अतिशीघ्र विकास कार्यो की बौछार होने वाली है।

निम्नलिखित कार्य जल्दी ही आरंभ होने वाले हैं:
  • जल वितरण हेतु पाइप लाइन डलने वाली है। पाइप आने आरंभ हो गये हैं जो नये बने ट्यूबवेल के पास पड़े हैं। मैने वह जगह खुद जाकर देखी। बात तो सच है परंतु सोलानीपुरम जैसी बड़ी कॉलोनी के लिये ये पाइप संख्या मे कम हैं। देखने मे ऐसा भी लग रहा है जैसे ये पाइप यहाँ काफी समय से पड़े हों। जंग भी नजर आ रहा है। खैर देखते हैं कि सोलानीपुरम मे जल वितरण कब से आरंभ होगा!
  • बिजली के छ:  खंभे आ चुके हैं जो निर्धारित जगहों पर लगाये जायेंगे।
  • प्रेमकुंज मे सड़क का कार्य आरंभ होने वाला है। सोलानीपुरम मे भी शीघ्र आरंभ होगा। (यहाँ के निवासियों को यह सुनिश्चित करना चाहिये कि जल वितरण हेतु पाइप पड़ने के बाद ही सड़क बने।) 
  • सोलानीपुरम वेस्ट मे गेट निर्माण तीव्र गति चल रहा है। इस कार्य का श्रेय वेस्ट सोलानीपुरम सुरक्षा समिति को भी जाता है। जिन्होने शर्माजी से इस कार्य के लिये निवेदन किया था।
  • बिजली के तार चेंज होने वाले हैं, इनके स्थान पर इंसुलेट्ड तार लगाये जाऐंगे।
जे पी शर्मा का यह कहना है कि सभी निर्माण सामग्री अत्य़ंत उच्च क्वालिटी की है, कोई भी निवासी इसे चैक कर सकता है।

उन्होने यह भी बताया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर कोई भी निवासी कभी भी निगरानी रख सकता है।

वैसे कुछ हद तक उनकी बात सही है क्योकि वेस्ट सोलानीपुरम मे बनने वाले गेट मे अच्छी सामग्री प्रयोग हो रही है। जे पी का सीमेंट लग रहा है। प्रेम कुंज का गेट भी अच्छा बना है, कॉलम के चारों ओर ब्लैक मार्बल लगा है।

Sunday, 5 June 2011

सोलानीपुरम वेस्ट मे सभासद जे पी शर्मा द्वारा गेट निर्माण शीघ्र ही

यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि वेस्ट सोलानीपुरम मे शीघ्र ही गेट निर्माण होने जा रहा है जिसका सारा खर्चा श्री जे पी शर्मा जी वहन करेंगे। आज गेट निर्माण स्थल पर सुबह मूहूर्त समय 8.30 पर सोलानीपुरम सुरक्षा समिति के सदस्यों व स्थानीय निवासियों की उपस्थिति मे पंडितजी ने पूजा अर्चना की जिसमे सभासद जे पी शर्मा जी ने फावड़ा चला कर तथा नारियल फोड़कर गेट निर्माण की जगह सुनिश्चित की। अंत मे मिठाई वितरण हुआ। यह ब्लाग लेखक जे पी शर्मा को इस पुण्य कार्य के लिये धन्यवाद देता है। जे पी शर्मा के अनुसार यह कार्य शीघ्र ही आरंभ होगा।







वेस्ट सोलानीपुरम की सुरक्षा सबके लिये आवश्यक है परंतु फिर भी आमंत्रण मिलने के बावजूद भी कई निवासी इस कार्यक्रम मे शामिल नही हुये शायद उनके लिये सुबह 6 बजे अपने पालतू कुत्ते को  टहलाना अथवा आई आई टी पार्क मे घूमने जाना, कॉलोनी की सुरक्षा से ज्यादा महत्वपूर्ण है। ये सभी लोग पढे लिखे हैं तथा बडी - 2 बातें करते हैं परंतु जिस समाज मे रह रहें हैं उसके लिये कुछ भी नही करते हैं। ऐसे संकीर्ण मानसिकता वाले लोग किसी भी लिहाज से सामाजिक प्राणी नही हैं।

इसी वेस्ट सोलानीपुरम मे कुछ 4-5 ऐसे भी लोग हैं जो सुरक्षा हेतु महीने मे रु. 60/- भी नही दे सकते है, यह अलग बात है कि रोज के अपने शौक पर 50-60 रु. ऐसे ही खर्च कर देते हैं। ये 4-5 नकारात्मक सोच वाले लोग कौन हैं - सभी जानते हैं। इनके बारे मे कुछ भी बताने की आवश्यक्ता नही है।

इसके अतिरिक्त ऐसे भी मिस्टर परफेक्ट लोग हैं जो चौकिदार को कही भी रोककर तरह 2 की शिकायत/झगड़ा करने लगते हैं। कायदे से उन्हे अपने सुझाव/शिकायत इत्यादि सुरक्षा समिति को बतानी चाहिये। ऐसा करने से ये लोग छोटे नही हो जायेंगे। खैर, पुरानी आदत है, धीरे 2 ही छूटेगी।

कुछ अन्य दृष्य:















Thursday, 11 November 2010

सोलानीपुरम पर चोरों की नजर

आज के अखबार से पता लगा कि सिविल लाइन मे चोरों ने एक घर मे चोरी का प्रयास किया परंतु वहाँ के निवासियों (विशेषकर अनिल अरोडा जिन्हे पुलिस द्वारा पुरस्कृत भी किया जायेगा) के सहयोग से उन्हे पकड लिया गया। इसमे फायरिंग भी हुयी तथा कुछ निवासी घायल भी हुये। इन चोरो को पुलिस पकड कर बाद मे सोलानीपुरम भी लायी ताकि यह पता लग सके कि इन चोरों ने और कहाँ-2 चोरी की थी तथा भविष्य मे कहाँ पर चोरी करने का इरादा था। चौंकाने वाली बात पता चली कि इन्ही चोरों ने हाल ही में श्री सी बी गुप्ता के घर पर भी चोरी की थी। उन्होने यह भी बताया कि सोलानीपुरम उनके निशाने पर था तथा उन्होने यहाँ के कई घर चिंहित कर रखे थे जहाँ उनका भविष्य मे चोरी करने का इरादा था।

ये चोर दिन मे चोरी करना पसंद करते थे क्योकि दिन मे लोग लापरवाह हो जाते हैं। ये लोग तमाम हथियार जैसे तमंचा, चाकू इत्यादि भी रखते हैं। जिन चोरों को पुलिस सोलानीपुरम मे निशानदेही के लिये लाई वे बेहद ताकतवर (बॉडी बिल्डर जैसे) एवं खुंखार थे जिनके लिये ग्रिल को तोडना बेहद ही आसान है।

ऐसी स्थिति मे सोलानीपुरम मे सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है, वेस्ट सोलानीपुरम मे तो यहाँ के निवासियों के आपसी सहयोग से रात की सुरक्षा आरंभ हो गयी है। चौकीदार सुरक्षा ऐजेंसी से हैं तथा वेरिफाइड हैं। परंतु बेहतर यह होगा कि एक चौकिदार दिन के लिये भी हो। यह चोरों से तो सुरक्षा प्रदान करेगा ही, आवारा पशुओं से भी छुटकारा दिलवायेगा। साथ ही विभिन्न बाहरी व्यक्तियों जैसे कबाडी, सब्जी वाले, कूडा बीनने वाले, लेबर इत्यादि पर भी नजर रहेगी।

संजय परमार, राकेश सिंह, रवि परमार व दीपक वकील द्वारा वेस्ट सोलानीपुरम के निवासियों के सहयोग से जो सुरक्षा आरंभ की गयी है वह फिलहाल अच्छा कार्य कर रही है परंतु अगर इसमे रुडकी के विधायक श्री सुरेश चंद जैन, नगरपालिका चेयरमैन श्री प्रदीप बतरा व सभासद श्री जे पी शर्मा से कुछ प्रशासनिक व आर्थिक सहयोग (गेट के निर्माण के लिये) मिल जाये तो यह सुरक्षा और मजबूत हो जायेगी।

Wednesday, 3 November 2010

वेस्ट सोलानीपुरम में सुरक्षा व्यवस्था आरंभ

अभी हाल ही मे हुयी चोरी की वारदातों को देखते हुये, वेस्ट सोलानीपुरम के निवासियों ने अपने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था हेतु सुरक्षा व्यवस्था आरंभ की है। नवंबर 2, 2010 से रजिस्टर्ड सुरक्षा ऐजेंसी के दो चौकिदारों ने (वर्दी मे) रात मे आना आरंभ कर दिया है। शायद यह उसी सुरक्षा ऐजेंसी के चौकीदार हैं जो आई आई टी मे सुरक्षा प्रदान कर रही है। ऐसा शायद रवि परमार के प्रयासों से है। फिलहाल इस सुरक्षा व्यवस्था को वेस्ट सोलानीपुरम के निवासी रवि परमार, राकेश सिंह, संजय परमार व दीपक वकील ने मिलकर गति प्रदान की है जो कि एक सराहनीय कदम है।
अब देखना यह है कि वेस्ट सोलानीपुरम मे इस पुण्य कार्य हेतु सभी घरों से निर्धारित धनराशि रु. 100/- प्राप्त होती हैं या नही। इस क्षेत्र मे कुल 80 घर हैं। अगर सभी घरों से पैसा एकत्र होता है तो यह व्यवस्था अवश्य सफल होगी। अगर यह व्यवस्था सफल हो जाती है तो आगे इसमे और भी विस्तार (जैसे दिन का चौकीदार, गेट इत्यादि) किया जा सकता है। दिन के चौकीदार से एक फायदा यह भी है कि वह आवारा कुत्ते तथा गाय भैस इत्यादि को भी खदेड सकता है। इन आवारा पशुओं ने नाक मे दम कर रखा है क्योकि इन्हे कुछ निवासियों ने प्रश्रय दे रखा है।

कुल मिलाकर मै इस कदम की सराहना करता हूँ तथा अपेक्षा करता हूँ कि वेस्ट सोलानीपुरम के निवासियों के प्रयासों से यह व्यवस्था अवश्य सफल होगी।

Thursday, 21 October 2010

सोलानीपुरम में चोरी की वारदाते बढी

Those who desire to give up freedom in order to gain security will not have, nor do they deserve, either one.
सोलानीपुरम में आजकल लगभग हर दिन कही न कही चोरी हो रही है। हाल ही मे श्री सी बी गुप्ता के घर से लगभग 1 लाख की चोरी हो गयी। इससे पूर्व श्री दीपक के घर से भी साइकल की चोरी हो गयी थी। इन घटनाओं को देखते हुये ऐसा लगता है कि यहाँ सुरक्षा व्यवस्था की अत्यंत आवशयक्ता है। परंतु पूर्व के अनुभव को देखते हुये यह एक दूर की कौडी लगती है। इससे पूर्व यहाँ सोलानीपुरम वेलफेयर एसोशियन द्वारा एक अच्छी सुरक्षा व्यवस्था आरंभ की गयी जो सोलानीपुरम की अंदरूनी राजनीति का शिकार हो गयी और अंतत: बंद करनी पडी।

अब एक बार फिर से वेस्ट सोलानीपुरम में सुरक्षा व्यवस्था हेतु प्रयास किया जा रहा है।  यह सुरक्षा लंबे समय तक चल पायेगी, इसमें मुझे संदेह है। हाँलाकि मैं आशावादी हूँ परंतु सोलानीपुरम मे रहने के दस वर्षो का अनुभव यही सिखाता है कि कोई अच्छी योजना यहाँ शायद ही परवान चढ सके। अंदरूनी राजनीति, ईगो, ग्रुपिज्म, लेग पुलिंग, ब्रिक बेटिंग, अल्ट्रा स्मार्टनेस (सयानापन), सामाजिक अवचेतना इत्यादि शब्द शायद सोलानीपुरम के लिये ही बने हैं। विकास- यह किस चिडियाँ का नाम है भाई। यह शब्द अंजाना सा है सोलानीपुरम में।

बेहतर तो यह होगा कि यहाँ के निवासी अपनी सुरक्षा के प्रति खुद ही सजग रहें। इस हेतु कुछ सुझाव नीचे दिये गयें हैं:
  • घर के सामने वाले हिस्से मे कोई पेड पौधा इत्यादि न लगायें। यह चोर को छिपने का मौका देता है।
  • रात को सोने जाने से पहले गेट का ताला अवश्य लगा दें।
  • अगर कही बाहर जाने का प्रोग्राम हो तो किसी विश्वसनीय व्यक्ति को घर मे छोडकर जायें। जाने से पहले अपने कार्यक्रम का जिक्र घर के नौकर इत्यादि के सामने न करें।
  • कीमती सामान बैंक लॉकर मे रखे।
  • पुलिस, वाहन 108 इत्यादि का नंबर हमेशा अपने मोबाइल मे रखे।
  • घर से बाहर जाते समय सभी खिडकी, दरवाजे इत्यादि लॉक कर के ही जायें।
  • घर के कीमती सामान को एक्सपोज न करें (जाने अनजाने रात मे खिडकी के पर्दे खुले छोडकर हमारा ऐसा कर बैठते हैं)।
  • घर के बाहर बल्ब अथवा स्ट्रीट लाइट प्रकाशमान रहे तो अच्छा है।
  • बाहर जाते समय घर की एक दो लाइट जला कर जायें।
  • ताले बदलते रहें।
  • बाहर के दरवाजे कम से कम 40 मिमि मोटे तथा सोलिड वुड के होने चाहियें।
  • घर के बाहर कभी भी चाबी छुपा कर न जायें।
  • पडोसी को बताकर ही घर से बाहर लंबे समय के लिये जाये। अखबार, मेल इत्यादि बंद कर दें। फोन बंद कर दें।
  • और भी सुझाव हो सकते हैं जो आप इस ब्लाग के माध्यम से कमेंट कर सकते हैं।
Uncertainty is the only certainty there is, and knowing how to live with insecurity is the only security.